यूपी के एटा में सड़क हादसा: खड़ी रोडवेज बस से कंटेनर भिड़ा, 5 यात्रियों की मौत और 12 घायल
Etah Road Accident: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में गुरुवार-शुक्रवार की देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना घटी। इस दुर्घटना में पांच परिवारों के जीवन छिन गए और 12 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और एसएसपी मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यह दुर्घटना एटा जिले के बागवाला क्षेत्र के कीलरमऊ गांव में हुई।जानकारी के मुताबिक, कीलरमऊ गांव के समीप सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के नीचे खड़े यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में 5 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए.
घटनास्थल पर मची चीख-पुकार
घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को तुरंत एटा स्थित वीरंगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का फिलहाल इलाज चल रहा है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अरविंद सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने डॉक्टरों को घायलों के बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कंटेनर और बस को हटाकर यातायात बहाल किया। पुलिस फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
पांच यात्रियों की मौके पर मौत और 12 घायल
मृतकों की पहचान बुलंदशहर निवासी सतेंद्र (38), दौलतपुर, फर्रुखाबाद निवासी राजेश (34), फर्रुखाबाद निवासी सुखराम (30), नवाबगंज, फर्रुखाबाद निवासी शैलेश (29) और एक अज्ञात व्यक्ति के रूप में हुई है। हादसे में 12 यात्री घायल हो गए। इनमें नोएडा सेक्टर-34 निवासी आनंद (52), नवाबगंज निवासी विवेक (30), पूनम (32), एटा निवासी नितीश (30), विशाल (15), रवि (17), यतेंद्र (27), दक्ष (10), विक्रांत (23), सुमित, रिशु (21), ब्रजेश (24) आदि शामिल हैं।
तेज रफ्तार कंटेनर ने मारी जोरदार टक्कर
मृतक राजेश के भाई पवन कुमार ने बताया कि उनका परिवार दिल्ली जा रहा था। किलारमऊ गांव के पास बस खराब हो गई थी, तभी एक तेज रफ्तार कंटेनर ने पीछे से उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में उनके भाई राजेश की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस खराब हो गई थी और मरम्मत के लिए सड़क किनारे खड़ी थी। पीछे से आ रहे एक कंटेनर ने बस को टक्कर मार दी, जिससे बाहर खड़े लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि सभी घायलों के लिए उचित उपचार की व्यवस्था कर दी गई है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है। (एजेंसी)

