Sun. Jun 28th, 2026

रायपुर में DSP से 5 लाख की ठगी, निवेश के नाम पर दोस्त ने उड़ाया कैश से भरा सूटकेस

DSP investment fraud Raipur

रायपुर। राजधानी रायपुर में फाइनेंशियल इन्वेस्टमेंट के नाम पर पुलिस विभाग के एक डीएसपी से 5 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। इस पूरे घटनाक्रम में भरोसे का फायदा उठाकर अमानत में खयानत किए जाने का आरोप लगाया गया है, जिसके बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

कैसे हुई ठगी? तीन जगह घुमाकर लूटा सूटकेस

पीड़ित डीएसपी ने बताया कि आरोपी नरेश दामोहे से उनकी पिछले दो साल से जान-पहचान थी। दामोहे ने खुद को वकील और निवेश सलाहकार बताते हुए डीएसपी का विश्वास जीत लिया था।

 

25 जून को आरोपी ने डीएसपी को अलग-अलग जगहों पर बुलाकर निवेश के नाम पर भ्रमित किया। पहले कमल विहार स्थित श्री वेंकट अस्पताल के सामने बुलाया गया, फिर अभनपुर रोड स्थित प्रोग्रेसिव प्वाइंट पर, और अंत में रात करीब 9 बजे कटोरा तालाब स्थित नेताजी चौक पर। तीसरी जगह पर आरोपी अपने दो साथियों के साथ पहले से मौजूद था और सभी डीएसपी की कार में बैठकर इलेवन स्टार गार्डन पहुंचे।

 

वहां जाकर आरोपी ने अपने कुछ और साथियों को बुलाया और आपस में बहस-विवाद शुरू कर दिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। डीएसपी ने बताया कि उनकी कार में 5 लाख रुपये नकद (500-500 के नोटों के दो बंडल) से भरा सूटकेस रखा था। डर के मारे जब वे कार से बाहर निकले, तो वापस आने पर उन्होंने पाया कि सूटकेस गायब था और सभी आरोपी फरार हो चुके थे।

 

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

पीड़ित डीएसपी की शिकायत पर पुलिस ने अमानत में खयानत (Criminal Breach of Trust) समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी नरेश दामोहे और उसके साथियों की तलाश कर रही है, साथ ही पूरे घटनाक्रम के तकनीकी और कॉल डिटेल्स की भी जांच की जा रही है। फिलहाल, अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

About The Author

इन्हें भी पढ़े