Sat. Jun 27th, 2026

सेशेल्स दौरे पर पीएम मोदी, नेशनल डे सेलिब्रेशन में शिरकत और संसद को करेंगे संबोधित

PM Modi Seychelles Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अफ्रीकी देश सेशेल्स के लिए रवाना हो गए हैं। सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर, पीएम मोदी 27 से 29 जून तक दो दिन की राजकीय यात्रा पर सेशेल्स की राजधानी विक्टोरिया में रहेंगे और कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस यात्रा के बारे में जानकारी दी। पीएम मोदी 11 साल बाद सेशेल्स का दौरा कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने 2015 में इस देश का दौरा किया था। कुछ देर पहले ही उनके विमान ने दिल्ली से विक्टोरिया के लिए उड़ान भरी है।

नेशनल डे सेलिब्रेशन्स में होंगे शामिल और देश की असेंबली को करेंगे संबोधित

पीएम मोदी सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ के तौर पर शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो जहाज भी हिस्सा लेंगे। अपनी यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ बातचीत करेंगे। बातचीत में भारत और सेशेल्स के बीच द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग के सभी पहलुओं के साथ-साथ आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा होगी। प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे। उन्होंने इस मौके को अपने लिए गर्व की बात बताया है। इसके अलावा, वह वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से भी बातचीत करेंगे।

दोनों देशों के बीच संबंधों को मज़बूत करेगा पीएम मोदी का दौरा

भारत और सेशेल्स के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोगों के आपसी संबंधों पर आधारित एक पुरानी साझेदारी है। हिंद महासागर क्षेत्र में एक अहम समुद्री पड़ोसी होने के नाते, भारत के ‘विज़न महासागर’ और ‘ग्लोबल साउथ’ के प्रति उसकी प्रतिबद्धता में सेशेल्स का एक खास स्थान है। पीएम मोदी की यात्रा भारत और सेशेल्स के रिश्तों को और मजबूत करेगी तथा दोनों देशों के बीच की स्थायी दोस्ती को और पक्का करेगी। साथ ही, यह सभी क्षेत्रों में आपसी संबंधों को बेहतर बनाने की उनकी साझा प्रतिबद्धता को भी मजबूत करेगी।(एजेंसी)

About The Author