Sat. Jun 27th, 2026

IT Fellowship आवेदन की अंतिम तिथि 7 जुलाई तक बढ़ी, हर महीने 50 हजार देगी छत्तीसगढ़ सरकार

CM IT Fellowship 2026: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने ‘मुख्यमंत्री IT फेलोशिप 2026’ के तहत M.Tech. (डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) प्रोग्राम में एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन की समय-सीमा बढ़ा दी है। इच्छुक उम्मीदवार अब 7 जुलाई, 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। पहले आवेदन की समय-सीमा 1 जुलाई, 2026 तय की गई थी।

हर महीने मिलेगी 50 हजार की फेलोशिप

मुख्यमंत्री IT फेलोशिप के तहत चुने गए छात्रों को हर महीने 50,000 की फेलोशिप मिलेगी। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ सरकार उनकी ट्यूशन फीस का पूरा खर्च उठाएगी। इससे होनहार छात्र बिना किसी आर्थिक तंगी के उच्च शिक्षा हासिल कर सकेंगे। यह खास प्रोग्राम नया रायपुर में स्थित IIIT-NR में चलाया जाएगा। इसका मकसद राज्य के होनहार युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा साइंस के क्षेत्र में उच्च-गुणवत्ता वाली तकनीकी शिक्षा देना और साथ ही उन्हें सरकार के डिजिटल प्रोजेक्ट्स में शामिल करना है।

पढ़ाई के साथ मिलेगा सरकारी प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका

इस फेलोशिप की सबसे अहम बात यह है कि छात्र सिर्फ क्लासरूम तक ही सीमित नहीं रहेंगे। बल्कि उन्हें राज्य सरकार के अलग-अलग विभागों में वास्तविक परियोजनाओं पर काम करने का मौका मिलेगा। इन परियोजनाओं के जरिए छात्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस में प्रैक्टिकल अनुभव हासिल करेंगे। साथ ही, वे सरकार की डिजिटल सेवाओं, ई-गवर्नेंस पहलों और इनोवेशन पर आधारित योजनाओं को विकसित करने में भी भूमिका निभा सकेंगे।

कौन कर सकता है आवेदन?

इस कार्यक्रम के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवार 7 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

कहां मिलेगी जानकारी?

आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और अन्य विस्तृत जानकारी IIIT-NR की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले सभी दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में निम्न दूरभाष नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। 0771-2474048 0771-2474182

राज्य सरकार का मानना ​​है कि ‘मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप प्रोग्राम’ राज्य के युवाओं को अत्याधुनिक तकनीकों में कुशल बनाएगा और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा। यह पहल न केवल युवाओं में कौशल विकास को बढ़ावा देगी, बल्कि छत्तीसगढ़ में डिजिटल गवर्नेंस और तकनीकी नवाचार को भी नई दिशा देगी। (एजेंसी)

About The Author