Fri. Jun 26th, 2026

वेनेजुएला भूकंप त्रासदी: भारत ने बढ़ाया मदद का हाथ, ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ शुरू

नई दिल्लीः वेनेजुएला में भूकंप से भारी तबाही हुई है। अब तक 245 लोगों की मौत हो चुकी है और 4,300 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। भारत इस मुश्किल समय में वेनेजुएला की मदद के लिए आगे आया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ शुरू करने की घोषणा की। आज भारतीय वायु सेना के दो C-17 विमान वेनेजुएला के लिए रवाना हुए, जिनमें भारतीय सेना की फील्ड हॉस्पिटल यूनिट और 35 टन से ज्यादा राहत सामग्री भेजी गई है।

भारत ने वेनेज़ुएला के लिए इस मदद मिशन का नाम ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ रखा है। ‘अमिस्ताद’ एक स्पेनिश शब्द है जिसका मतलब है ‘दोस्ती’। विदेश मंत्री जयशंकर ने X पर जानकारी दी कि भारतीय वायु सेना के दो विमान वेनेज़ुएला के लिए रवाना हो गए हैं। ये विमान भूकंप के बाद राहत कार्यों में मदद के लिए जरूरी सामान ले जा रहे हैं। इस मदद पैकेज में भारतीय सेना की एक फील्ड हॉस्पिटल यूनिट और 35 टन से ज्यादा राहत सामग्री, दवाइयाँ और मेडिकल उपकरण शामिल हैं, जिनमें दो BHISHM क्यूब्स भी हैं।


दोनों विमान में क्या-क्या भेजा गया

बता दें कि वेनेजुएला में आए भूकंप ने स्थानीय लोगों की जिंदगी उजाड़ दी है। घर पूरी तरह से टूट गए हैं और कई लोग बेघर हो गए हैं। इस बीच, वहां मेडिकल सुविधाओं की भारी कमी है। भारत ने इसके जवाब में तुरंत कदम उठाए हैं। भारतीय वायु सेना के दो विमानों में दवाइयां, मेडिकल उपकरण, जरूरी सामान और खास तौर पर दो ‘भीष्म क्यूब्स’ लोड किए गए हैं। भीष्म क्यूब्स मोबाइल अस्पताल हैं जो युद्ध या आपदा के दौरान घायलों को तुरंत मेडिकल इलाज देने में सक्षम हैं।

मुश्किल वक्त में पूरी तरह से खड़ा है भारत

भारतीय आर्मी का फील्ड हॉस्पिटल यूनिट डॉक्टर्स, नर्सों और मेडिकल स्टाफ के साथ पहुंचेगा। ये टीम वहां के स्थानीय अस्पतालों के साथ मिलकर काम करेगी। जयशंकर ने साफ कहा कि भारत वेनेजुएला सरकार और वहां की जनता के साथ इस मुश्किल वक्त में पूरी तरह खड़ा है।बता दें कि भारत ने पहले भी कई देशों में आपदाओं के समय मदद की है। चाहे तुर्की-सीरिया में आया भूकंप हो या कोई और संकट, भारतीय टीमें हमेशा सबसे पहले पहुंचती है। भारत ने दवाइयां , खाने-पीने का सामान और दूसरे जरूरी उपकरण भेजे हैं। इनसे पीड़ितों को तुरंत राहत मिलेगी। फील्ड हॉस्पिटल यूनिट सर्जरी और इमरजेंसी इलाज की सुविधाएं देगी, जिनकी इस समय बहुत ज्यादा जरूरत है।

भारत ने हर संभव मदद का दिया था आश्वासन

PM मोदी ने X पर एक पोस्ट में कहा, “वेनेजुएला में आए जबरदस्त भूकंप से हुई तबाही से मुझे गहरा दुख हुआ है। भारत के लोगों की ओर से, मैं वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों के प्रति, और खासकर उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। हम घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं और इस मुश्किल समय में प्रभावित सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत हर संभव मदद देने के लिए तैयार है।”

वेनेजुएला में मरने वालों की संख्या बढ़ रही

बुधवार शाम वेनेज़ुएला में आए दो जबरदस्त भूकंपों से मरने वालों की संख्या बढ़कर 235 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, मरने वालों की संख्या पहले बताई गई 32 से बढ़कर 235 हो गई है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, वेनेज़ुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश के उत्तरी इलाकों में आए दो जबरदस्त भूकंपों के बाद बचाव और पुनर्निर्माण के कामों में तेजी लाने के लिए तीन अहम उपायों की घोषणा की है। (एजेंसी)

 

About The Author