Sun. Jun 21st, 2026

रामलला के नाम चढ़ी चांदी कहां गई? अखंड दीपक और चांदी के कटोरे भी लापता होने का दावा

राम मंदिर चढ़ावे में कथित गड़बड़ी की जांच के बीच अब 60 किलो चांदी, चांदी के दीपक और अन्य दान सामग्री के गायब होने के आरोप सामने आए हैं.

 

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे में कथित गबन के मामले की जांच कर रही एसआईटी अपनी जांच पूरी कर लखनऊ के लिए रवाना हो चुकी है। टीम अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपेगी। इसी बीच मंदिर प्रबंधन को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंदिर प्रबंधन पर करीब 60 किलो चांदी और अन्य दान सामग्री के गायब होने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

 

इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के नॉर्थ इंडिया हेड अनुराग रस्तोगी के अनुसार, देशभर के सराफा व्यापारियों ने 10-10 और 20-20 ग्राम चांदी एकत्रित कर करीब 60 किलो चांदी जुटाई थी। इस चांदी को गलाकर एक से सवा किलो वजन की ईंटें बनाई गई थीं, जिन पर दानदाताओं के नाम और गोत्र अंकित किए गए थे। उनका दावा है कि 20 जुलाई 2020 को चंपत राय की सहमति के बाद इन चांदी की ईंटों को अयोध्या स्थित रामकचहरी में सौंपा गया था।

 

रस्तोगी के मुताबिक, उस समय चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा और कैशियर प्रकाश गुप्ता मौजूद थे। दान सामग्री प्राप्त करने के बाद शुद्धता प्रमाण पत्र और रसीद भी जारी की गई थी। उन्होंने कहा कि इन चांदी की ईंटों को नींव पूजन में उपयोग करने का अनुरोध किया गया था, लेकिन बाद में दानदाताओं को इनके उपयोग के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई।

 

उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से एक-एक किलो वजन के दो चांदी के दीपक, दो चांदी के कटोरे, 200 ग्राम की पंचधातु सिल्ली और नाग-नागिन का जोड़ा दान किया था। मंदिर निर्माण पूरा होने के बाद न तो ये दीपक दिखाई दिए और न ही भगवान के भोग के लिए दिए गए चांदी के कटोरे। उन्होंने दान में मिली सभी वस्तुओं का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक करने की मांग की है।

 

लगातार लग रहे आरोपों के बीच मंदिर प्रबंधन पर सवाल उठने लगे हैं। दान देने वाले कई श्रद्धालु खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं और दान में दी गई वस्तुओं का सार्वजनिक हिसाब मांग रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या और दान राशि में भी गिरावट दर्ज की गई है।

 

 

About The Author

इन्हें भी पढ़े