Sat. Jun 20th, 2026

रेप केस पर बोले चावल वाले बाबा- ‘यह मेरे खिलाफ साजिश..’ रायपुर लाए गए नरेंद्र नयन शास्त्री

दुष्कर्म के आरोप में महासमुंद सेंट्रल जेल में बंद आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री को कड़ी सुरक्षा के बीच रायपुर लाया गया। स्वास्थ्य खराब होने के बाद उन्हें इलाज और जांच के लिए मेकाहारा भेजा जा रहा है।

 

रायपुर। दुष्कर्म के आरोप में महासमुंद सेंट्रल जेल में बंद ‘चावल वाले बाबा’ के नाम से प्रसिद्ध कथावाचक और ज्योतिषाचार्य आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री को गोपनीय तरीके से रायपुर लाया गया। स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद पुलिस की विशेष टीम उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच सूमो वाहन से रायपुर केंद्रीय जेल लेकर पहुंची, जहां से उपचार और जरूरी जांच के लिए उन्हें मेकाहारा अस्पताल ले जाया जाएगा।

 

सूत्रों के अनुसार, महासमुंद जेल से आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री को विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत रायपुर लाया गया। केंद्रीय जेल में आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें सोनोग्राफी समेत अन्य चिकित्सीय जांच के लिए मेकाहारा अस्पताल भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद उन्हें दोबारा महासमुंद केंद्रीय जेल वापस ले जाया जाएगा।

 

इस दौरान मीडिया द्वारा दुष्कर्म के आरोपों से जुड़े सवाल पूछे जाने पर शास्त्री ने स्पष्ट जवाब देने से इनकार किया और कहा कि संभव है कि यह उनके खिलाफ कोई साजिश हो।

 

गौरतलब है कि महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र की एक महिला ने चर्चित कथावाचक एवं ज्योतिषाचार्य आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में तथ्यों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं 376(2)(ज), 376(2)(एन) और 376(2)(एम) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र से गिरफ्तार किया था।

 

बताया जा रहा है कि महासमुंद केंद्रीय जेल में बंद रहने के दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने उनकी सामाजिक और सार्वजनिक पहचान को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए उन्हें रायपुर लाने का निर्णय लिया।

 

आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री मूल रूप से रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र के रहने वाले हैं। कथावाचन और ज्योतिष के क्षेत्र में उनकी पहचान ‘चावल देखकर भविष्य बताने वाले बाबा’ के रूप में रही है। उनके आश्रम और धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते थे और वे लंबे समय से लोगों के बीच लोकप्रिय रहे हैं।

 

फिलहाल मेडिकल जांच और उपचार के बाद उन्हें दोबारा महासमुंद जेल भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।

 

About The Author