कोलकाता एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान पर गिरी बिजली… दो ग्राउंड स्टाफ झुलसे
अगरतला जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E6068 उड़ान भरने से पहले आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। विमान का पावर सिस्टम प्रभावित हुआ, लेकिन आधुनिक तकनीक और सुरक्षा उपायों की वजह से सभी यात्री सुरक्षित रहे।
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब अगरतला जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E6068 (एयरबस A320neo) पर उड़ान भरने से ठीक पहले आकाशीय बिजली गिर गई। घटना के समय विमान में 141 यात्री और छह क्रू मेंबर मौजूद थे। गनीमत रही कि सभी सुरक्षित रहे, हालांकि एयरलाइन के दो ग्राउंड स्टाफ कर्मचारी मामूली रूप से झुलस गए।
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट का निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 9:20 बजे था, लेकिन खराब मौसम और भारी बारिश के कारण इसमें देरी हो रही थी। सुबह करीब 9:30 बजे विमान कोलकाता एयरपोर्ट के एयरोब्रिज 56L पर खड़ा था और उड़ान भरने की तैयारी चल रही थी। तभी तेज गर्जना के साथ विमान पर बिजली गिर गई।
बिजली गिरने के तुरंत बाद विमान का पावर सिस्टम प्रभावित हो गया और केबिन में अचानक अंधेरा छा गया। इस घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई। वहीं, रनवे के पास मौजूद इंडिगो के दो ग्राउंड स्टाफ कर्मचारी बिजली के प्रभाव से मामूली रूप से झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया और मेडिकल जांच के बाद छुट्टी दे दी गई।
विशेषज्ञों के अनुसार, आधुनिक विमान फैराडे केज सिद्धांत पर बनाए जाते हैं। विमान की बाहरी परत एल्युमिनियम और कार्बन कंपोजिट जैसी धातुओं से बनी होती है, जिससे बिजली का करंट विमान के बाहरी हिस्से से गुजरकर दूसरे छोर से बाहर निकल जाता है और अंदर बैठे यात्रियों को नुकसान नहीं पहुंचता।
घटना के बाद सुरक्षा नियमों के तहत सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतारा गया और एयरक्राफ्ट की जरूरी जांच की गई। इसके बाद एयरलाइन ने यात्रियों के लिए A321 विमान (VT-ICD) की व्यवस्था की। निर्धारित समय से देरी के बाद यह उड़ान दोपहर 12:50 बजे अगरतला के लिए रवाना हुई।
एयरलाइन और हवाई अड्डा अधिकारियों ने बताया कि यह घटना आधुनिक विमानन तकनीक और सुरक्षा मानकों की वजह से किसी बड़े हादसे में तब्दील नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित अपने गंतव्य के लिए रवाना हो सके।

