अफगानिस्तान में स्मार्टफोन इस्तेमाल करने पर जा सकती है नौकरी, तालिबान का आदेश
अफगानिस्तान न्यूज़ : अफगानिस्तान में तालिबान सरकार ने एक ऐसा फैसला लिया है जिससे हर सरकारी कर्मचारी का दैनिक जीवन पूरी तरह बदल गया है। तालिबान प्रमुख और देश के सुप्रीम लीड हिबतुल्लाह अखुंदजादा के आदेश के बाद, सरकारी कर्मचारियों को अपने स्मार्टफोन बंद करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। कर्मचारियों को चेतावनी दी गई है कि अगर वे स्मार्टफोन इस्तेमाल करते पकड़े गए तो नौकरी जा सकती है, कानूनी कार्रवाई हो सकती है, और कुछ इलाकों में तो जेल की सजा की भी बात कही गई है। इस फैसले से शिक्षकों, सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों में चिंता बढ़ गई है, क्योंकि उनका काफी काम व्हाट्सऐप, ईमेल और AI टूल्स के जरिए होता था।

तालिबानी फैसला
एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, अफगानिस्तान के विभिन्न हिस्सों में सरकारी कर्मचारियों ने अपने स्मार्टफोन बंद करना शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि यह आदेश बुधवार से लागू किया गया है। तालिबान द्वारा सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए स्मार्टफोन पर प्रतिबंध लगाने का आदेश पिछले सप्ताह सोशल मीडिया पर प्रसारित होना शुरू हुआ था। इस पत्र पर अफगान सुप्रीम कोर्ट का प्रतीक चिन्ह बना हुआ था।
इस फैसले से स्थानीय कर्मचारियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। खबरों के मुताबिक, अफगानिस्तान के दूरदराज में बसे बदख्शान के प्रांतीय सूचना विभाग के एक कर्मचारी ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने पर छह महीने की जेल हो सकती है। बदख्शान के तीन सरकारी कर्मचारियों ने एएफपी से नाम न बताने की शर्त पर बात करते हुए कहा कि इससे उनके लिए काम करना मुश्किल हो जाएगा। (एजेंसी)

