Mon. Nov 2nd, 2026

TMC नेता जहांगीर खान को छुड़ाने निकली भीड़, थाने पर धावा… फिर चला पुलिस का डंडा!

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना के फलता इलाके में सैकड़ों समर्थकों ने थाने पर धावा बोलने की कोशिश की, केंद्रीय बलों और पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा।

 

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फलता इलाके में तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता जहांगीर खान को लॉकअप से छुड़ाने की कथित कोशिश के बाद भारी बवाल मच गया। मंगलवार को स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब जहांगीर खान के समर्थकों की बड़ी भीड़ ने थाने का घेराव कर अंदर घुसने का प्रयास किया। पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।

 

इलाके में ‘पुष्पा’ के नाम से कुख्यात जहांगीर खान के समर्थकों पर थाने पर हमले की साजिश रचने का आरोप है। बुधवार को सैकड़ों समर्थकों ने फलता थाने पर धावा बोलने की कोशिश की, लेकिन पहले से अलर्ट पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने समय रहते मोर्चा संभाल लिया।

 

एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, खुफिया इनपुट मिलने के बाद थाने की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। जैसे ही भीड़ ने थाने के भीतर प्रवेश करने की कोशिश की, केंद्रीय बलों और पुलिसकर्मियों ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ दिया। कार्रवाई के दौरान प्रदर्शनकारियों में भगदड़ मच गई।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रशासन को पहले ही भीड़ की मंशा की जानकारी मिल गई थी, जिसके चलते थाने पर राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई थी। सुरक्षा बलों की तत्परता के कारण किसी बड़ी घटना को टाल दिया गया।

 

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया है और पूरे थाना परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती भी की गई है।

 

जानकारी के मुताबिक, खुफिया विभाग ने जहांगीर खान की पत्नी को इस पूरी साजिश का कथित मास्टरमाइंड बताया है। आरोप है कि वह सोमवार रात से क्षेत्र में घूम-घूमकर और सोशल मीडिया के माध्यम से समर्थकों को कानून हाथ में लेने के लिए उकसा रही थीं। इस संबंध में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

 

About The Author

इन्हें भी पढ़े

SKY TMT