TN House के किचन में आग, मुख्यमंत्री C. Joseph Vijay के रवाना होने के कुछ देर बाद घटी घटना
TN House Fire: देश की राजधानी दिल्ली में रोजाना आग लगने की खबरें आ रही हैं। ऐसे में ये घटनाएं दिल्ली के लिए एक बड़ी समस्या बनती जा रही हैं। दरअसल, दिल्ली के तमिलनाडु हाउस में एक और आग लग गई है, जिससे चारों ओर दहशत फैल गई है। खबरों के मुताबिक, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय अभी-अभी दिल्ली स्थित तमिलनाडु हाउस से निकले थे। इसके बाद वहां किचन में गैस लीक होने से आग लग गई। वीआईपी इलाका होने के कारण कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण भी हुआ, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने कुछ ही मिनट में हालात संभाल लिए। फिलहाल सीएम विजय सुरक्षित हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में चल रही नीति आयोग की बैठक में हिस्सा ले रहे हैं।

तमिलनाडु हाउस में गैस लीक से हड़कंप
यह घटना उस समय घटी जब तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय नीति आयोग की बैठक के लिए रवाना हुए थे। तमिलनाडु विधानसभा के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, आग गैस रिसाव के कारण लगी। हालांकि, वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। इस हाई-सिक्योरिटी वाले इस इलाके में हुई इस अचानक घटना से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। अब हालात पूरी तरह सामान्य हैं और सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं ताकि आगे ऐसा कोई हादसा फिर कभी ना हो।
पीएम मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की बैठक
दूसरी तरफ, सीएम जोसेफ विजय तीन दिवसीय दिल्ली दौरे पर हैं और वर्तमान में राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक में हिस्सा ले रहे हैं। इस बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। इस वर्ष शिखर सम्मेलन का विषय “विकसित भारत 2047 के लिए समावेशी मानव विकास” है, जिसमें नागरिकों के कल्याण, कौशल विकास और व्यापार प्रोत्साहन पर विशेष चर्चा की जा रही है। कई राज्यों के मुख्यमंत्री इस बैठक में भाग ले रहे हैं।
इस महत्वपूर्ण बैठक से पहले, मुख्यमंत्री विजय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और सीपीआई नेताओं से भी मुलाकात की।(एजेंसी)

