मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में बड़ा बदलाव, अब दुल्हनों के खातों में सीधे पहुंचेगी धनराशि
उत्तरप्रदेश: उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में संशोधन किया है, जिसके तहत अब दुल्हनों को पायल और अंगूठी जैसे उपहार देने के बजाय सीधे उनके खातों में धनराशि जमा की जाएगी। यह बदलाव चांदी की कीमतों में उछाल के बाद आया है। सरकार ने अब विवाह करने वाली कन्याओं को दी जाने वाली चांदी की पायल और बिछिया के बदले भी नकद राशि देने का फैसला किया है। इसके लिए समाज कल्याण विभाग के विशेष सचिव प्रवीण मिश्र द्वारा शासनादेश जारी कर दिया गया है।

जानिए क्या है मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रति जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। पहले इसमें से 60 हजार रुपये दुल्हन के खाते में भेजे जाते थे और 25 हजार रुपये पायल और अंगूठियां जैसे उपहार देने में खर्च होते थे। वहीं, शादी समारोह पर 15 हजार रुपये खर्च किए जाते थे। लेकिन कुछ समय से चांदी की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है। इसके बाद अब चांदी की पायल और अंगूठियां न देने का निर्णय लिया गया है। इसके बजाय, दुल्हन के खाते में केवल चार हजार रुपये भेजे जाएंगे।
इस तरह, दुल्हन के खाते में कुल 64 हजार रुपये भेजे जाएंगे। इनमें से 21 हजार रुपये उपहारों पर खर्च किए जाएंगे। योजना के तहत पहले निर्धारित वजन (30 ग्राम चांदी की पायल और 10 ग्राम चांदी की अंगूठी) के लिए 4 हजार रुपये तय थे, लेकिन चांदी की बढ़ती कीमतों के बाद 4 हजार रुपये में ये सब खरीदना मुश्किल हो गया है। ऐसे में सरकार ने दुल्हन के खाते में सीधे 4 हजार रुपये भेजने का फैसला किया है। इस नए फैसले के बाद अब दुल्हन के बैंक खाते में 60 हजार रुपये के बजाय कुल 64 हजार रुपये भेजे जाएंगे। योजना के बाकी प्रावधानों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।(एजेंसी)

