Mon. Nov 2nd, 2026

‘जीरो हुआ बिजली बिल, अन्नदाता बने ऊर्जादाता’: रिन्यूएबल एनर्जी समिट में बोले PM नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में ‘भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो 2026’ का आगाज करते हुए स्वच्छ ऊर्जा को सीधे आम आदमी की जेब और जीवन स्तर से जोड़ा। प्रधानमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा अब केवल बड़े संयंत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के गांवों, खेतों और आम घरों की छतों तक पहुंच चुकी है। उन्होंने युवाओं और स्टार्टअप्स से अपील की कि वे ऐसे व्यावहारिक समाधान विकसित करें, जिससे मध्यमवर्गीय परिवार अपनी छत की सौर बिजली से ही भोजन पका सकें और अपने इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज कर सकें।

पीएम सूर्यघर योजना से लाखों परिवारों के बिजली बिल हुए शून्य

प्रधानमंत्री ने बताया कि फरवरी 2024 में शुरू की गई ‘पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ से अब तक 65 लाख से ज्यादा परिवार जुड़ चुके हैं। हर छह दिन के भीतर लगभग एक लाख नए परिवार इस अभियान का हिस्सा बन रहे हैं। एक अध्ययन का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना से जुड़े परिवारों के बिजली बिलों में औसतन 76% तक की भारी गिरावट आई है, जबकि हजारों परिवारों का बिल घटकर शून्य हो चुका है। कई परिवार ग्रिड को अतिरिक्त बिजली बेचकर कमाई भी कर रहे हैं।

अन्नदाता को ऊर्जादाता बनाने का विजन

कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा के प्रसार पर चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पीएम-कुसुम योजना के तहत 30 लाख से ज्यादा किसानों को सोलर पंप और सौर सिंचाई से जोड़ा जा चुका है, जिससे प्रति किसान हर साल करीब ₹1 लाख की बचत हो रही है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे अपनी खाली जमीन और खेतों की मेड़ों पर सोलर पैनल लगाकर बिजली पैदा करें। इसके अलावा, जलाशयों और झीलों के ऊपर ‘पीएम सूर्य सरोवर योजना’ के जरिए फ्लोटिंग सोलर पैनल लगाकर जमीन की बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा तैयार की जा रही है।

सरकारी इमारतों में बचत और ग्रीन जॉब्स का भविष्य

सार्वजनिक क्षेत्र में सौर ऊर्जा के उपयोग की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की 44 हजार से अधिक सरकारी इमारतें सोलर एनर्जी से जुड़ चुकी हैं, जिससे सालाना लगभग ₹700 करोड़ के राजस्व की बचत हो रही है। उन्होंने राज्यों से स्कूलों, कॉलेजों और अस्पतालों को भी तेजी से सौर ऊर्जा से जोड़ने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि सौर उपकरणों के निर्माण से लेकर इंस्टॉलेशन तक के इकोसिस्टम में युवाओं के लिए ग्रीन जॉब्स के विशाल अवसर खुल रहे हैं, जो देश को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाएंगे।

About The Author

इन्हें भी पढ़े

SKY TMT