Mon. Jun 8th, 2026

फिल्म प्रमोशन के लिए रायपुर पहुंचेंगी कंगना रनौत, CM साय भी रहेंगे मौजूद

Raipur News : राजधानी रायपुर को फिल्मी और राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बनने जा रही है। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत अपनी आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के सिलसिले में आज रायपुर पहुंचेंगी। इस अवसर पर फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग और Meet & Greet कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें उनकी मौजूदगी को लेकर शहर में खासा उत्साह देखा जा रहा है।कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे और फिल्म का अवलोकन करेंग

फिल्म से ज्यादा चर्चा उसके संदेश की

‘भारत भाग्य विधाता’ केवल एक फिल्म के रूप में नहीं बल्कि एक सामाजिक अभियान के रूप में भी चर्चा में है। फिल्म के प्रमोशन के तहत देशभर में उन लोगों की पहचान की जा रही है जिन्होंने बिना किसी प्रचार-प्रसार के समाज में उल्लेखनीय बदलाव लाने का काम किया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला
सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाले ऐसे लोगों को मंच प्रदान करने की पहल की गई है। रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी ऐसे गुमनाम नायकों की तलाश की जा रही है। चयनित लोगों को सम्मानित किया जाएगा और उनके कार्यों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि समाज में बदलाव लाने वाले अनेक चेहरे ऐसे हैं जो सुर्खियों से दूर रहकर काम करते हैं। यह अभियान उन्हें पहचान दिलाने का प्रयास है।

एक मंच पर दिखेंगे सीएम विष्णुदेव साय और कंगना रनौत

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कंगना रनौत की एक साथ मौजूदगी होगी। एक ओर जहां कंगना देश की चर्चित अभिनेत्री होने के साथ सांसद भी हैं, वहीं मुख्यमंत्री साय की उपस्थिति कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान कर रही है। राजनीतिक और फिल्मी जगत के प्रमुख चेहरों की मौजूदगी के कारण यह आयोजन प्रदेश के सबसे चर्चित कार्यक्रमों में शामिल हो गया है।

कार्यक्रम स्थल पर भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए

कंगना रनौत के रायपुर आगमन को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय पुलिस अलर्ट मोड पर रहेगी। कार्यक्रम स्थल पर भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में प्रशंसकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन समिति ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। कंगना दोपहर दो बजे इंडिगो की फ्लाइट से एयरपोर्ट पर लैंड करेंगी। रात 9.15 पर उनकी फ्लाइट टेकआफ करेगी।

सच्ची घटनाओं से प्रेरित ‘भारत भाग्य विधाता’, कंगना रनौत मुख्य भूमिका

निर्देशक मनोज तापड़िया द्वारा लिखित और निर्देशित फिल्म भारत भाग्य विधाता को सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताया जा रहा है। फिल्म में कंगना रनौत मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। उनके साथ गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, प्रसाद ओक, ईशा डे और रसिका अगाशे सहित कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म 12 जून को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज से पहले रायपुर में आयोजित यह विशेष स्क्रीनिंग और संवाद कार्यक्रम फिल्म के प्रचार अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

राजधानी में उत्साह का माहौल

कंगना रनौत के आगमन को लेकर राजधानी में उत्साह का माहौल है। फिल्म प्रेमियों के साथ-साथ राजनीतिक और सामाजिक हलकों से जुड़े लोग भी इस आयोजन पर नजर रखे हुए हैं। फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग, मुख्यमंत्री की उपस्थिति और सामाजिक मुद्दों ने इस कार्यक्रम को महज एक फिल्म कार्यक्रम से कहीं अधिक चर्चा का विषय बना दिया है। (एजेंसी)

About The Author