Mon. Jun 8th, 2026

फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का भूकंप, ताश के पत्तों की तरह ढहे मकान

Philippines Earthquake: सोमवार, 8 जून की सुबह फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। देश के दक्षिणी भाग में आए इस भूकंप से इमारतें पल भर में हिलने लगीं, दीवारों में दरारें पड़ गईं और कई जगहों पर पूरी इमारतें ढह गईं। इनमें एक स्कूल भी शामिल था। भूकंप से हुई तबाही भयावह थी। स्थानीय आपदा अधिकारी के अनुसार, कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। भूकंप इतना शक्तिशाली था कि पड़ोसी देशों में सुनामी की चेतावनी जारी करनी पड़ी, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

फिलीपींस में क्या हुआ?

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, सोमवार को दक्षिणी फिलीपींस के मिंडानाओ क्षेत्र में 7.8 तीव्रता का भूकंप आया। इसके बाद फिलीपींस और पड़ोसी देशों इंडोनेशिया और जापान में सुनामी की चेतावनी जारी की गई। एपी की रिपोर्ट के अनुसार, फिलीपींस में 3 फीट तक ऊंची सुनामी लहरें महसूस की गईं। वहीं, इंडोनेशिया में कम से कम नौ स्थानों पर छोटी सुनामी लहरें दर्ज की गईं, जिनमें सबसे ऊंची लहर संगीहे द्वीप में 0.75 मीटर दर्ज की गई। इंडोनेशिया ने बाद में चेतावनी वापस ले ली।

वीडियो में दिखा तबाही का मंजर

जनरल सैंटोस शहर से आईं तस्वीरों और वीडियो में दुकानों और इमारतों को भूकंप के बाद ताश के पत्तों की तरह ढहते देखा गया। खास बात थी कि यह तेज भूकंप उसी दिन आया जब यहां के सरकारी स्कूलों में नया शैक्षणिक वर्ष (एकैडेमिक ईयर) शुरू हो रहा था। भूकंप के कारण मिंडानाओ के एक स्कूल की इमारत भी ढह गई। अच्छी बात थी कि भूकंप के दौरान छात्रों को कोई नुकसान नहीं हुआ। स्कूल को पहले ही खाली कर दिया गया था।

सोशल मीडिया पर दो वीडियो सामने आए। एक में डर से कांपते प्राइमरी स्कूल के दर्जनों बच्चे दिखे, जो खुले मैदान में जमीन पर बैठे थे, जबकि उनके नीचे जमीन जोर से हिल रही थी। वहीं अन्य वीडियो में दिखा कि दावाओ डेल सुर में एक हाई स्कूल की छत उसी समय गिर गई, जब बच्चे स्कूल के खेल मैदान में लाइन में खड़े थे। अच्छी बात यह है कि दोनों घटनाओं में किसी के घायल होने की खबर नहीं मिली। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने कहा कि उन्होंने सभी संबंधित सरकारी एजेंसियों को तुरंत कार्रवाई करने, लोगों को सुरक्षित निकालने और बचाव कार्य शुरू करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा, “हमारे प्रभावित प्रांतों के लोगों से निवेदन है कि सुनामी चेतावनी को गंभीरता से लें।सभी ऊंची जगह पर चले जाएं। इंतजार न करें।आपकी जान सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है।

सरंगानी प्रांत से नुकसान की ज्यादातर तस्वीरें सामने आई हैं। वहां लगभग 5 लाख 80 हजार लोग रहते हैं। रॉयटर्स ने बताया कि भूकंप के तुरंत बाद यहां के पुलिस भवन में भी दरारें आ गईं। यह झटका उस समय आया जब वहां झंडा फहराया जा रहा था। (एजेंसी)

About The Author