भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार रजनीश अग्रवाल और तरुण चुघ ने भरा नामांकन, सीएम मोहन यादव रहे मौजूद
MP News : भारतीय जनता पार्टी द्वारा मप्र से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए गए भाजपा के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने शनिवार को अपना नामांकन पत्र भरा। दोनों ने भाजपा नेताओं के साथ शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे मध्य प्रदेश विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान सीएम मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी साथ रहे।

नामांकन से पहले भाजपा कार्यालय में की गई पूजा -अर्चना
नामांकन से पहले प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और दोनों प्रत्याशी भाजपा कार्यालय स्थित शिव एवं हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर जीत का आशीर्वाद लिया। इसके बाद सभी नेता विधानसभा के लिए रवाना हुए। नामांकन प्रक्रिया के दौरान विधानसभा परिसर में पार्टी के कई वरिष्ठ विधायक और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
राज्यसभा चुनाव का पूरा कार्यक्रम
इस चुनावी प्रक्रिया की शुरुआत 1 जून को अधिसूचना जारी होने के साथ हुई थी। प्रत्याशी आगामी 8 जून तक अपने नामांकन पत्र जमा कर सकते हैं, जिनकी संवीक्षा (जांच) 9 जून को की जाएगी। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून निर्धारित की गई है। इसके पश्चात, 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और इसी दिन शाम 5 बजे से मतों की गिनती शुरू कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
भाजपा एक परिवार की तरह है -तरुण चुघ
मीडिया को संबोधित करते हुए तरुण चुघ ने कहा कि मध्य प्रदेश भारत का दिल है। मप्र जब धड़कता है, समझें भारत धड़क रहा है। मप्र की तरक्की ही विकसित भारत का प्राण है। हम सब भाजपा के कार्यकर्ता हैं। मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझे यह अवसर दिया।हम सब भाजपा में एक परिवार की तरह हैं।
उन्होंने आगे कहा, ”पार्टी ने आगे बढ़ने, काम करने व समर्पण का मौका दिया है। पोस्टर, झंडे लगाने का मौका दिया तो झंडे गाड़े। जहां पार्टी नेतृत्व ने भेजा मैंने काम किया है। भाजपा एक परिवार की तरह है। यहां नेता अभिभावक है। आपको पिता की तरह समझाता भी है, मां की तरह दुलार भी करता है। भाई बहनों की तरह हाथ में हाथ देकर चलना भी सिखाता है। यह केवल भाजपा में ही है और कहीं नहीं मिल सकता। पहले भी कार्यकर्ता बोध से काम किया था आगे भी कार्यकर्ता बोध से काम करेंगे। जो संगठन ने कहा मैंने अक्षरश: पालन किया है।’‘(एजेंसी)

