इंदौर में इलेक्ट्रिक गाड़ियों के शोरूम में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी
Indore EV Showroom Fire: इंदौर शहर के लसूड़िया क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक इलेक्ट्रिक वाहनों के शोरूम में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया।
इलेक्ट्रिक वाहन के शोरूम के ऊपरी मंजिल पर लोग रहते थे। देखते ही देखते आग और धुआं पूरी बिल्डिंग में फैल गया, जिससे ऊपर की मंजिलों पर रहने वाले छह परिवारों के करीब 20 लोग अंदर फंस गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते आग पर भी काबू पा लिया गया।

सुबह 7 बजे शोरूम में भड़की आग
जानकारी के अनुसार घटना लसूड़िया थाना क्षेत्र के खालसा चौक के पास की है। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे इलेक्ट्रिक वाहनों के शोरूम में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा शोरूम धुएं से भर गया और आग की लपटें ऊपर की मंजिलों तक पहुंचने लगीं।
धुएं से घिरे ऊपरी मंजिलों के लोग
शोरूम के ऊपर बने फ्लैट्स में रहने वाले लोग अचानक फैले धुएं के कारण बाहर नहीं निकल पाए। बिल्डिंग में अफरा-तफरी मच गई और लोग मदद के लिए पुकारने लगे। स्थिति गंभीर होती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग लगने और बिल्डिंग से धुआं उठने के बाद ऊपर रहने वाले लोग फंस गए। इसके बाद उन्हें पड़ोस में रहने वाले लोगों ने लकड़ी की सीढ़ी लगाकर बचाया। जिस बिल्डिंग में आग लगी थी, उसकी छत को बगल वाले घर की छत से सीढ़ियों के जरिए जोड़ दिया गया और लोगों को दूसरी छत पर ले जाया गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन में दिखाई सक्रियता
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर टीम ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू किया। आग और घने धुएं के बीच लोगों तक पहुंचना आसान नहीं था, लेकिन टीम ने सीढ़ियों और रस्सियों की मदद से एक-एक कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू में सहयोग किया। बाद में फायरफाइटर्स ने आग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है।
कई जगह से आईं आग लगने की खबरें
पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी के चलते देश के अलग-अलग इलाकों से आग से जुड़ी खबरें आ रही हैं। दिल्ली-एनसीआर से पिछले कुछ दिनों में इस तरह की कई घटनाओं की जानकारी सामने आई है। आज यानी शुक्रवार सुबह नोएडा के अलग-अलग इलाकों में आग लगने की दो घटनाएं हुईं, जिसके बाद फायर डिपार्टमेंट ने तुरंत कार्रवाई की। (एजेंसी)

