Fri. Jun 5th, 2026

पटना में खान सर के खिलाफ FIR दर्ज, पुलिस ने दो सुरक्षा गार्ड को लिया हिरासत में

पटना : पटना में खान सर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कदमकुआं थाने में फैसल खान उर्फ खान सर के खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। शिक्षक खान सर पर कोचिंग विवाद मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले खान सर ने दावा किया था कि उनके कोचिंग के गार्ड के साथ मारपीट की गई थी। उन्होंने शुरू में गोली चलने का भी दावा किया था लेकिन बाद में वो इससे मुकर गए थे।

यह कार्रवाई उनकी कोचिंग से फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद हुई है। वहीं खान सर का कहना है कि गोलीबारी आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) में की गई थी। दरअसल, 2 जून की रात पटना स्थित खान सर की कोचिंग पर हमला हुआ था। घटना के दौरान उनके बॉडीगार्ड्स के फायरिंग किए जाने का वीडियो सामने आया था। इस मामले में पुलिस पहले ही दोनों बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और खान सर से भी पूछताछ की जा चुकी है। अब पुलिस के बयान पर दर्ज एफआईआर में खान सर को नामजद आरोपी बनाया गया है।

पुलिस से कहा सेल्फ डिफेंस में की फायरिंग

हमले वाले दिन खान सर ने पुलिस की जमकर तारीफ की थी। अब उन्होंने कहा कि पुलिस लेट पहुंची। गार्ड्स के फायरिंग वाले वीडियो पर खान सर ने कहा, मारपीट हो रही थी। मुझे पता था पुलिस को पहुंचने में समय लगेगा। पुलिस वहां उड़कर तो नहीं पहुंचती, इसलिए गार्ड्स ने सेल्फ डिफेंस में फायरिंग की।गार्ड क्यों रखते हैं ताकि समय पड़े तो लोगों को बचा सकें। जब तक पुलिस नहीं आई थी तब तक एक बॉडीगार्ड को क्या करना चाहिए था। क्या गार्ड्स ने किसी पर फायरिंग की।

ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक ने खान सर के गार्ड द्वारा गोली चलाए जाने का एक वीडियो जारी किया था। इसके बाद पटना पुलिस ने पहले दोनों गार्ड को हिरासत में लिया था और फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि मंगलवार रात 15-20 लोगों ने कथित तौर पर खान सर के संस्थान में तोड़फोड़ की और परिसर पर पथराव किया था। यह संस्थान चर्चित शिक्षक फैसल खान, जिन्हें ‘खान सर’ के नाम से जाना जाता है, द्वारा संचालित है। (एजेंसी)

About The Author