Fri. Jun 5th, 2026

फार्मेसी परीक्षा में सामूहिक नकल के बाद बड़ा फैसला, 7 कॉलेजों में री-एग्जाम आयोजित होगा

Pharmacy Exam: जांजगीर- चांपा के छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (सीएसवीटीयू) ने सात मई को आयोजित डी.फार्मेसी द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा निरस्त कर दी है। प्रश्नपत्र लीक होने और जांजगीर-चांपा व जीपीएम जिले के केंद्रों में सामूहिक नकल की पुष्टि के बाद 526 परीक्षार्थियों को दोबारा परीक्षा देनी होगी। यह री-एग्जाम केवल सात कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया जाएगा।

वाट्सऐप के जरिए पहुंचा प्रश्न और उत्तर

जांच में सामने आया कि विद्यार्थियों तक प्रश्न और उत्तर पहले ही वाट्सऐप के जरिए पहुंचा दिए गए थे। उड़नदस्ता दल को कई उत्तर पुस्तिकाओं में एक जैसे उत्तर मिले। परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थी चैटजीपीटी और जेमिनी जैसे एआई प्लेटफॉर्म की मदद से उत्तर लिखते पाए गए। नकल को आसान बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी बंद कर दिए गए थे। एक केंद्र में वीक्षक की टेबल से 20 पन्नों की चिट भी बरामद हुई।

प्रेक्षक की टेबल पर 20 पन्नों की चिट, CCTV मिला बंद

मजे की बात यह है कि नकल कराने के लिए कई केंद्रों में CCTV कैमरे बंद कर दिए गए थे। केसरी कॉलेज ऑफ फार्मेसी में निरीक्षण दल को DVR ही नहीं दिया गया। ज्ञान रौशनी फार्मेसी कॉलेज में वीक्षक की टेबल से 20 पन्नों की चिट बरामद हुई। यहां 2 की जगह सिर्फ 1 प्रेक्षक मिला।

इन 4 केंद्रों की मान्यता होगी खत्म

CSVTU ने आयुष कॉलेज ऑफ फार्मेसी मेदुका, केसरी कॉलेज ऑफ फार्मेसी, ज्ञान रौशनी कॉलेज ऑफ फार्मेसी और संस्कृति इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी की मान्यता समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

500 छात्रों ने की नकल

उड़नदस्ता दल की रिपोर्ट में संस्थान प्रबंधन की भूमिका पर गंभीर सवाल उठे हैं। करीब 500 छात्रों ने संगठित तरीके से नकल की। 3 छात्रों पर मौके पर ही नकल प्रकरण बनाए गए।

नई परीक्षा की तिथि जल्द घोषित

सीएसवीटीयू ने आयुष कॉलेज ऑफ फार्मेसी (मेदुका), केसरी कॉलेज ऑफ फार्मेसी, ज्ञान रौशनी कॉलेज ऑफ फार्मेसी और संस्कृति इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी सहित संबंधित केंद्रों की मान्यता समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी। (एजेंसी)

About The Author