Wed. Jun 3rd, 2026

दिल्ली के हौजरानी रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग,21लोगों की जलकर मौत,कई घायल

New Delhi : दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके मालवीय नगर के हौजरानी स्थित एक रेस्तरां में बुधवार सुबह करीब आठ बजे भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में रेस्तरां के बेसमेंट में फंसे 21 लोगों की धुएं और आग की चपेट में आने से मौत हो गई। मरने वालों में ज्यादातर विदेशी हैं। मलबे के बीच कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है, जिसके चलते राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।

आग इतनी तेजी से फैली कि रेस्टोरेंट के भीतर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला, जिससे वहां अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस भीषण अग्निकांड में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, लगभग 25 लोगों के झुलसे होने की खबर सामने आ रही है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा

दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह करीब 9:45 बजे मिली, जिसके बाद मौके पर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने बेसमेंट में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि अब तक कुल 37 लोगों को बिल्डिंग से रेस्क्यू किया जा चुका है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 10 गाड़ियों को लगाया गया और बचाव अभियान अभी भी जारी है।

फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया

दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस व दमकल विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

आग लगने के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या गैस सिलेंडर में रिसाव को माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए दिल्ली पुलिस और फॉरेंसिक टीमें बारीकी से जांच कर रही हैं। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि रेस्टोरेंट के पास उचित फायर एनओसी (Fire NOC) और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे या नहीं। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे मालवीय नगर इलाके में सन्नाटा और शोक का माहौल है।(एजेंसी)

About The Author