छत्तीसगढ़ में मौसम का बड़ा बदलाव: रायपुर समेत कई जिलों में आंधी-तूफान, भारी बारिश के साथ गिरे ओले
राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है. मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
Chhattisgarh में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है. शनिवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और राजधानी Raipur समेत प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान, भारी बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली. कई इलाकों में गरज-चमक के साथ ओले गिरे, जिससे लोगों को मई की भीषण गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन जनजीवन प्रभावित हो गया.
तेज बारिश के कारण रायपुर के कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जबकि तेज हवाओं और बिजली लाइनों के प्रभावित होने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही. पिछले 15 दिनों से प्रदेश के अलग-अलग जिलों में लगातार बारिश और बादलों की आवाजाही बनी हुई है.
India Meteorological Department के मौसम केंद्र रायपुर ने शनिवार शाम 8 बजे से अगले तीन घंटों के लिए कई जिलों में ‘अति गंभीर’ और ‘मध्यम’ श्रेणी का अलर्ट जारी किया है.
रेड अलर्ट वाले जिले
रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG), कबीरधाम, मुंगेली, जांजगीर-चांपा सहित बस्तर संभाग के बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, सुकमा और मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी जिलों में तेज अंधड़, भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले
बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, कोरबा, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिलों में मध्यम दर्जे के तूफान और बारिश का अनुमान लगाया गया है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवातीय सिस्टम के कारण प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है, जिससे मौसम में यह बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. इसके चलते दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है.
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश में इसी तरह मौसम बने रहने की संभावना जताई है. विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी है.

