Sun. Mar 29th, 2026

TN Election 2026: तमिलनाडु की दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे ‘थलापति’, DMK के खिलाफ मोर्चा खोला

TN Election 2026:  TVK प्रमुख विजय ने घोषणा की कि वह दो विधानसभा क्षेत्रों- चेन्नई की पेरम्बेर और तिरुचिरापल्ली (त्रिची) ईस्ट से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि इन सीटों पर उम्मीदवार का नाम ‘सी. जोसेफ विजय’ होगा।

TN Election 2026:  चेन्नई: अभिनेता और तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के प्रमुख विजय ने आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को बड़ा ऐलान किया। अपनी पहली चुनावी पारी की शुरुआत करते हुए विजय ने घोषणा की कि वह दो विधानसभा क्षेत्रों- चेन्नई की पेरम्बेर और तिरुचिरापल्ली (त्रिची) ईस्ट सीट से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए टीवीके (TVK) प्रमुख ने कहा कि इन सीटों पर उम्मीदवार का नाम ‘सी. जोसेफ विजय’ होगा।

प्रमुख चेहरों को मिला टिकट

पार्टी पदाधिकारियों की एक बैठक को संबोधित करते हुए TVK प्रमुख ने उम्मीदवारों की सूची जारी की, जिसमें कई प्रमुख टीम सदस्यों को शामिल किया गया है। एन आनंद, अधव अर्जुन, आर अरुणराज, सी टी आर निर्मल कुमार और के ए सेंगकोट्टैयान सहित वरिष्ठ नेताओं को टी नगर, विल्लीवाक्कम, गोबिचेट्टीपलयम और तिरुप्परनकुंड्रम जैसी महत्वपूर्ण सीटों से मैदान में उतारा गया है।

टीवीके और डीएमके के बीच लड़ाई: विजय

विजय ने अपनी पार्टी के उम्मीदवारों से ‘भ्रष्टाचार’ के खिलाफ शपथ दिलवाई। उन्होंने कहा, “हमारे उम्मीदवार मुझसे अलग नहीं हैं; डीएमके की तानाशाही को खत्म करने के लिए हमें यह चुनाव जीतना ही होगा।”

टीवीके प्रमुख ने आगे कहा कि उन्होंने ऐसे उम्मीदवारों को चुना है जो जनता के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा, “मैं हर जगह मौजूद नहीं रह पाऊंगा, इसलिए मैंने ऐसे उम्मीदवारों को चुना है जिन पर मैं भरोसा कर सकता हूं।”

चुनाव को एक सीधा मुकाबला बताते हुए विजय ने कहा कि लड़ाई उनके जनता के गठबंधन और सत्ताधारी डीएमके के नेतृत्व वाले एमके स्टालिन के बीच होगी, जिसे उन्होंने “समझौता गठबंधन” करार दिया। उन्होंने कहा, “यह हमारी जन टीम और स्टालिन सर की टीम के बीच दोतरफा लड़ाई है।”

विजय ने पार्टी का घोषणापत्र किया जारी

विजय ने युवाओं के लिए एक खास “गारंटी” एजेंडा पेश किया, जिसमें शिक्षा और रोजगार पर जोर दिया गया है। इसके अलावा घोषणापत्र में राज्य को ड्रग्स से पूरी तरह मुक्त करने का वादा, कक्षा 12वीं से पीएचडी तक के छात्रों के लिए 20 लाख रुपये तक का बिना गारंटी लोन, सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता, बेरोजगारी भत्ता, इंटर्नशिप और नए उद्यमियों को विशेष सहायता का वादा किया है।

About The Author