CG Weather Update: उत्तर छत्तीसगढ़ में घने कोहरे की चेतावनी, दो से तीन डिग्री सेल्सियस गिरेगा तापमान
CG Weather Update: मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के कुछ स्थानों पर 29 और 30 जनवरी को घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की है। अंबिकापुर और पेंड्रा रोड जैसे क्षेत् …और पढ़ें
CG Weather Update: रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन तापमान में उतार-चढ़ाव ने सर्दी के अनुभव को बदल दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आगामी 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में फिर से दो से तीन डिग्री की वृद्धि हो सकती है। इसका अर्थ है कि सुबह ठंड थोड़ी तेज होगी, जबकि दोपहर में धूप राहत प्रदान करेगी।
रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। शुक्रवार को शहर में हल्की धुंध भी छाई रह सकती है। सुबह दृश्यता कम रहने के कारण वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में कोहरे का असर
मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग के कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की है। अंबिकापुर और पेंड्रा रोड जैसे क्षेत्रों में सुबह ठंड और नमी के कारण कोहरा घना हो सकता है।
वर्तमान में प्रदेश में किसी बड़े मौसम तंत्र का प्रभाव नहीं दिख रहा है। पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर-पश्चिम भारत तक सीमित रहने की संभावना है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा।
बुजुर्गों-बच्चों का रखें खास ख्याल
सुबह-शाम ठंड बढ़ने से बुजुर्गों और बच्चों को खास सतर्क रहने की जरूरत है। कोहरे वाले इलाकों में यात्रा करते समय हेडलाइट और फाग लाइट का उपयोग जरूरी होगा। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज दिन में हल्की गर्माहट और रात में ठंड का रहने वाला है।

