Tue. Jun 9th, 2026

एमपी में 2000 करोड़ रूपये का औद्योगिक निवेश, सेंसोडाइन प्लांट से रोजगार के नए अवसर

Sensodyne Toothpaste Manufactured in MP: मध्य प्रदेश में औद्योगिक विकास के क्षेत्र में एक और अहम उपलब्धि हासिल करते हुए, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में दुनिया की जानी-मानी कंज्यूमर हेल्थकेयर कंपनी, हेलियन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के लिए वर्चुअल तरीके से आधारशिला रखी। इस प्रोजेक्ट से देश में 100 प्रतिशत विदेशी निवेश आएगा। इस निवेश का प्रस्ताव मुख्यमंत्री की यूनाइटेड किंगडम यात्रा के दौरान मिला था।

पीथमपुर में लगाई जा रही इस अत्याधुनिक यूनिट के लिए लगभग 2,000 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव है। कंपनी को इस प्रोजेक्ट के लिए करीब 40 एकड़ ज़मीन आवंटित की गई है। यह इकाई प्रदेश में कंज्यूमर हेल्थ प्रोडक्ट बनाने के सेक्टर में एक अहम निवेश साबित होगी। यह हेलियन ग्रुप की पूरी तरह से अपनी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट होगी। हेलीयोन विश्वस्तर पर सेंसोडाइन, आयोडेक्स, ईनो, ओट्रिविन, पैराडॉन्टैक्स एवं विभिन्न मल्टीविटामिन उत्पादों जैसे प्रतिष्ठित ब्रांडों के लिए जानी जाती है। प्रस्तावित इकाई में सेंसोडाइन सहित अन्य उपभोक्ता स्वास्थ्य उत्पादों का निर्माण किया जाएगा, जिससे मध्यप्रदेश विशेषकर पीथमपुर क्षेत्र के फार्मास्युटिकल एवं कंज्यूमर हेल्थकेयर जोन में नया आयाम जुड़ेगा।

500 लोगों को मिलेगा प्रत्यक्ष रोज़गार

इस इकाई से लगभग 500 लोगों को सीधे रोज़गार मिलेगा। इसके अलावा, लॉजिस्टिक्स, पैकेजिंग, ट्रांसपोर्टेशन, वेयरहाउसिंग और सहायक उद्योगों जैसे सेक्टरों में हज़ारों अप्रत्यक्ष रोज़गार भी पैदा होंगे। इससे इलाके में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इस मौके पर MPIDC के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हिमांशु प्रजापति ने कहा कि यह प्रोजेक्ट हेल्थकेयर और फार्मास्युटिकल मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में राज्य की नई पहचान बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।

30 प्रतिशत महिलाओं को मिलेगा रोजगार

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को उद्योग स्थापना से लेकर उत्पादन शुरू होने तक हर स्तर पर पूर्ण सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। हेलियन की इस परियोजना में प्रारंभिक रूप से 2 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है, जिससे लगभग 1000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कंपनी द्वारा 30 प्रतिशत तक महिलाओं को रोजगार देने के लक्ष्य की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

वर्चुअल कार्यक्रम में उपस्थित रहे ये

वर्चुअल कार्यक्रम में उद्योग के प्रतिनिधि ब्रायन मैकनामारा, सीईओ, कीथ मैकगिनिस, एपीएसी क्यूसीएस प्रमुख, केदार लेले, प्रेसीडेंट नमता पटेल एवं मध्यप्रदेश शासन के वरिष्ठ अधिकारी नीरज मंडलोई, राघवेन्द्र कुमार सिंह, चन्द्रमौलि शुक्ला, एवं ब्रिटिश डेह्रश्वयूटी हाई कमिश्नर हरजिन्दर काग उपस्थित रहे।

एशिया में कंपनी की सबसे बड़ी उत्पादन इकाई होगी

हेलियन इंडिया के अध्यक्ष केदार लेले ने बताया कि करीब 40 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली यह यूनिट दक्षिण एशिया में कंपनी की सबसे बड़ी उत्पादन इकाई होगी। यहां मुख्य रूप से ओरल हेल्थ उत्पादों का निर्माण किया जाएगा, जिनकी आपूर्ति भारत के साथ एशिया-प्रशांत, मध्य-पूर्व और अफ्रीकी देशों में भी की जाएगी। परियोजना से स्थानीय एमएसएमई, सप्लायर नेटवर्क, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और अन्य सहायक उद्योगों को भी व्यापक लाभ मिलने की उम्मीद है।(एजेंसी)

About The Author