दिल्ली में मौसम का कहर, तूफान से एयर इंडिया के तीन विमानों को क्षतिग्रस्त
नईदिल्ली: रविवार को दिल्ली में आए भीषण तूफान और भारी बारिश के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारी नुकसान हुआ। खराब मौसम के चलते एयर इंडिया के तीन विमान क्षतिग्रस्त हो गए। सौभाग्य से, घटना के समय विमान पार्किंग में खड़े थे और किसी भी यात्री या कर्मचारी को चोट नहीं आई।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। इस बीच, रविवार शाम करीब 4 बजकर 40 मिनट पर आईजीआई के टर्मिनल-2 के पास स्थित पार्किंग बे में बड़ी घटना हुई, जब तेज हवाओं और बारिश के कारण ग्राउंड सपोर्ट उपकरण अपनी जगह से खिसक गए और खड़े विमानों से टकरा गए।

तेज हवाओं के कारण विमानों से टकराए उपकरण
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के अनुसार, अचानक बदले मौसम के कारण एयर इंडिया और इंडिगो की ग्राउंड हैंडलिंग एवं इंजीनियरिंग टीमों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले स्टेप लैडर और अन्य सहायक उपकरण अपनी जगह से हट गए। तेज हवाओं के कारण ये उपकरण सीधे पार्क किए गए विमानों से जा टकराए। जिससे विमानों और उपकरणों दोनों को नुकसान पहुंचा।
तीन विमान सेवा से बाहर, एक को भारी नुकसान
घटना के तुरंत बाद, प्रभावित एयर इंडिया के तीनों ए-320 विमानों को रोक दिया गया और विस्तृत तकनीकी जांच और मरम्मत के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, दो विमान कुछ ही दिनों में सेवा में वापस आ सकते हैं। हालांकि, एक विमान को काफी नुकसान पहुंचा है और उसे सेवा में वापस आने में कई दिन लग सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया के अलावा अन्य एयरलाइंस के कुछ विमान और उपकरण भी प्रतिकूल मौसम से प्रभावित हुए हैं। हालांकि उनके नुकसान की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
DGCA ने शुरू की जांच
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने दिल्ली हवाई अड्डे पर एयर इंडिया के विमानों को हुए नुकसान की जांच शुरू कर दी है। 7 जून को शाम लगभग 4:30 बजे खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल 2 पर खड़े एयर इंडिया के तीन ए320 विमान क्षतिग्रस्त हो गए। तेज हवाओं के कारण पास में मौजूद ग्राउंड सपोर्ट उपकरण अपनी जगह से हट गए और दो अलग-अलग विमानों को नुकसान पहुंचा।DGCA ने बताया कि टक्कर से दोनों विमानों के विभिन्न हिस्सों को नुकसान पहुंचा है। एक अन्य विमान की दाहिनी ओर की स्लाइडिंग खिड़की उड़ते हुए मलबे से क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना से प्रभावित तीनों विमानों को निरीक्षण और मरम्मत के लिए रोक दिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद उठ रहे सवाल
इस घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि तूफान से पहले मौसम की चेतावनी क्यों नहीं जारी की गई। हालांकि, आमतौर पर ऐसे गंभीर मौसम की सूचना पहले ही दे दी जाती है, जिससे हवाई अड्डे की सीढ़ियों, पुलों और अन्य उपकरणों को सुरक्षित किया जा सके और तेज हवाओं में गिरने और विमानों को नुकसान पहुंचाने से बचाया जा सके। लेकिन इस ताजा घटना ने एक बार फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।
गौरतलब है कि हाल केकुछ महीनों में एयर इंडिया के विमान इस तरह की असामान्य दुर्घटनाओं में शामिल रहे हैं। इस साल जनवरी में, दिल्ली हवाई अड्डे पर एयर इंडिया के एक नए एयरबस ए350 विमान को उस समय नुकसान पहुंचा जब घने कोहरे में टैक्सी करते समय एक असुरक्षित सामान का डिब्बा उसके इंजन में घुस गया।(एजेंसी)

