Tue. Aug 18th, 2026

हम हाईकोर्ट जाएंगे’, बृजभूषण के बरी होने पर बजरंग पूनिया का बड़ा ऐलान

नईदिल्ली : दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व (डब्ल्यूएफआई) अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को यौन उत्पीड़न के मामले में बरी कर दिया है। इस फैसले के बाद पहलवान बजरंग पुनिया ने घोषणा की है कि वे उच्च न्यायालय में इस फैसले के खिलाफ अपील करेंगे। कोर्ट के इस फैसले ने कुश्ती और राजनीतिक हलकों में तीखी बहस छेड़ दी है।

दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत ने सबूतों के अभाव में यौन उत्पीड़न के एक मामले में भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और सह-आरोपी विनोद तोमर को बरी कर दिया है। छह महिला पहलवानों ने सिंह पर यौन उत्पीड़न, पीछा करने और आपराधिक धमकी के गंभीर आरोप लगाए थे।

देश के कई शीर्ष पहलवानों ने 2023 में जंतर-मंतर पर महीनों तक विरोध प्रदर्शन किया और संसद तक मार्च भी निकाला। इस दौरान पुलिस और पहलवानों के बीच झड़पों की तस्वीरें सामने आईं। यह मामला विनेश फोगाट और अन्य महिला पहलवानों की शिकायतों के आधार पर दर्ज किया गया था। पहलवान बजरंग पुनिया ने सोनीपत से फोन पर अदालत के फैसले पर प्रतिक्रिया दी।

‘हम जाएंगे हाईकोर्ट’- बजरंग पुनिया

सूत्रों ने बताया, “वह इस फैसले के खिलाफ उच्च न्यायालय में अपील करेंगे।” उन्होंने यह भी बताया कि पहलवान जल्द ही दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करके अपनी भावी कानूनी रणनीति का खुलासा करेंगे। इस फैसले ने कुश्ती जगत और राजनीतिक हलकों में तीखी बहस छेड़ दी है।

फैसले पर क्या प्रतिक्रिया दी – बृजभूषणशरण सिंह

अदालत के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि उन्होंने पहले जो कहा था, वह अब सही साबित हुआ है। वहीं उनके वकील ने कहा कि वे अदालत के विस्तृत आदेश का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शुरू से ही उनका यही रुख रहा है कि शिकायत और शिकायतकर्ता के बयानों में कई विसंगतियां और विरोधाभास हैं। वकील के अनुसार, अदालत का विस्तृत आदेश जल्द ही जारी किया जाएगा, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्यवाही पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। (एजेंसी)

 

About The Author

इन्हें भी पढ़े