राजस्थान की हार के बाद फूट-फूटकर रोए 15 साल के Vaibhav Suryavanshi, सपोर्ट स्टाफ ने संभाला
Vaibhav Suryavanshi Video: करोड़ों क्रिकेट फैन्स के दिलों पर राज करने वाले 15 साल के युवा बल्लेबाजी सनसनी Vaibhav Suryavanshi का इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में सफर बेहद भावुक मोड़ पर खत्म हुआ। शुक्रवार (29 मई) को मुल्लांपुर में खेले गए बेहद रोमांचक क्वालिफायर-2 मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) को गुजरात टाइटन्स (GT) के हाथों 7 विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी। इस हार के साथ ही राजस्थान का फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया, जबकि गुजरात टाइटन्स ने फाइनल में जगह बना ली है, जहां 31 मई को उसका सामना डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से होगा।
डगआउट में अकेले रोते दिखे वैभव, वायरल हुआ वीडियो
राजस्थान रॉयल्स की इस सीजन से विदाई के बाद डगआउट से बेहद भावुक कर देने वाली तस्वीरें सामने आईं। मैच गंवाने के बाद महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी अपनी टीम की हार बर्दाश्त नहीं कर सके और मायूस होकर अकेले बैठ गए। देखते ही देखते इस युवा खिलाड़ी की आंखों से आंसू छलक पड़े। वैभव को इस कदर रोता देख टीम के सपोर्ट स्टाफ के एक सदस्य तुरंत उनके पास पहुंचे और उन्हें गले लगाकर ढांढस बंधाया। सोशल मीडिया पर यह वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसे देख हर क्रिकेट फैन का दिल पसीज गया है।
दबाव में खेली बेखौफ पारी, 4 रन से चूके शतक
भले ही राजस्थान रॉयल्स फाइनल की रेस से बाहर हो गई, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह भारतीय क्रिकेट का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान भी हैं। क्वालिफायर-2 जैसे बड़े नॉकआउट मुकाबले के भारी दबाव में भी उन्होंने बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी की और गुजरात टाइटन्स के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। वैभव अपने शतक से महज चार रन (96 रन) दूर रह गए, लेकिन उनकी इस विस्फोटक पारी ने स्टेडियम में मौजूद हर दर्शक को खड़े होकर तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
क्रिस गेल का ‘विराट’ रिकॉर्ड ध्वस्त, सीजन में ठोके 72 छक्के
पूरे IPL 2026 सीजन में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला नहीं, बल्कि ‘एके-47’ चली है। दुनिया भर के दिग्गज गेंदबाजों के सामने इस 15 साल के लड़के ने जो तबाही मचाई, उसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। वैभव ने इस सीजन में इतिहास रचते हुए रिकॉर्डतोड़ 72 छक्के जड़े। इसी के साथ उन्होंने यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल का एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड हमेशा के लिए तोड़ दिया। इस लिस्ट में उनके बाद अभिषेक शर्मा (43 छक्के) दूसरे और रजत पाटीदार (41 छक्के) तीसरे स्थान पर हैं।
237.30 का जादुई स्ट्राइक रेट, बनाए 776 रन
अपने दूसरे ही आईपीएल सीजन में वैभव ने रनों का अंबार लगा दिया। उन्होंने इस सीजन में 48.76 की बेमिसाल औसत से कुल 776 रन कूटे। सबसे हैरान करने वाली बात उनका खेलने का अंदाज रहा; उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 237.30 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से रन बनाए, जो टी20 क्रिकेट के इतिहास में किसी सपने जैसा है। इस यादगार सीजन में वैभव ने एक शानदार शतक लगाया, जबकि तीन बार वह ‘नर्वस नाइंटीज’ (90 से 99 रन के बीच) का शिकार होकर आउट हुए।
भले ही राजस्थान की टीम ट्रॉफी की रेस से बाहर हो गई हो, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने अपने खेल और जज्बे से पूरी दुनिया को पैगाम दे दिया है कि विश्व क्रिकेट को उसका नया सबसे बड़ा सुपरस्टार मिल चुका है।

