Fri. Aug 14th, 2026

Uttarakhand Tunnel Accident: विष्णुगाड़-पीपलकोटी टनल में भूस्खलन से 7 मजदूरों की दर्दनाक मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Uttarakhand Tunnel Accident: उत्तराखंड के चमोली जिले में अलकनंदा नदी पर बन रही विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया है। भारी भूस्खलन के कारण टनल के भीतर अचानक पानी और मलबे का सैलाब घुस आया, जिससे वहां काम कर रहे 22 मजदूर उसकी चपेट में आ गए। इस भीषण हादसे में अब तक 7 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

कैसे हुआ हादसा?

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा शाम करीब छह बजकर 10 मिनट पर हुआ। मजदूरों के काम करने वाले स्थान से लगभग 150 मीटर की दूरी पर अचानक भारी भूस्खलन (Landslide) हुआ। इसके बाद पानी के साथ भारी मात्रा में पत्थर और मलबा सीधे टनल के अंदर आ गिरा, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, SDRF, NDRF, ITBP और सेना की संयुक्त टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाला और युद्धस्तर पर राहत-बचाव अभियान शुरू किया। रात करीब नौ बजे तक 13 घायल मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया गया। जिला कलेक्टर गौरव कुमार की कड़ी निगरानी में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

मुख्यमंत्री ने संभाली कमान

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तुरंत राज्य आपदा परिचालन केंद्र, देहरादून पहुंचकर पूरे राहत एवं बचाव अभियान की कमान अपने हाथ में ले ली। मुख्यमंत्री आज खुद पीपलकोटी हादसा स्थल का दौरा करेंगे और स्थिति का जायजा लेंगे।

आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर (Helpline Numbers)

प्रशासन ने रेस्क्यू किए गए लोगों और लापता मजदूरों के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:

  • 1070 (टोल-फ्री)
  • 0135-2710334
  • 8218867005

About The Author