Sun. Aug 2nd, 2026

UP Assembly Monsoon Session : यूपी विधानसभा सत्र से पहले लखनऊ हाई अलर्ट, 5 KM के दायरे में सुरक्षा घेरा… 

विधानभवन के आसपास 24 घंटे पुलिस निगरानी, ट्रैक्टर-ट्रॉली और जुलूस पर रोक… सिर्फ ईको गार्डन में प्रदर्शन की अनुमति

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है। सत्र से पहले राजधानी लखनऊ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विधानभवन के आसपास करीब 5 किलोमीटर के दायरे को हाई सिक्योरिटी जोन में तब्दील करते हुए पुलिस ने 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था लागू की है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

 

विधानसभा सत्र के दौरान राजनीतिक दलों, किसान संगठनों और अन्य समूहों की ओर से प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता यानी BNSS की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है।

 

ट्रैक्टर-ट्रॉली और धीमे वाहनों पर रोक

 

सुरक्षा व्यवस्था के तहत विधानभवन की परिधि में ट्रैक्टर, ट्रैक्टर-ट्रॉली, बैलगाड़ी, तांगा, भैंसागाड़ी और अन्य धीमी गति वाले वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

 

इसके अलावा आग्नेयास्त्र, ज्वलनशील पदार्थ, गैस सिलेंडर और अन्य घातक सामग्री लेकर प्रतिबंधित क्षेत्र में आने पर भी पूरी तरह रोक रहेगी।

 

इन इलाकों में रहेगा सुरक्षा घेरा

 

पुलिस ने विधानसभा के आसपास कई प्रमुख मार्गों को प्रतिबंधित सुरक्षा क्षेत्र में शामिल किया है। इनमें लालबत्ती चौराहा, बंदरियाबाग, गोल्फ क्लब, पार्क रोड, सिविल अस्पताल, अटल चौक, मेफेयर तिराहा, नावेल्टी, आईटीएमएस, बर्लिंग्टन, सदर कैंट, उदयगंज और अब्दुल हमीद चौराहा समेत कई इलाके शामिल हैं।

 

राजभवन और मुख्यमंत्री आवास के आसपास भी सख्त निगरानी

 

राजभवन, मुख्यमंत्री आवास, विधानभवन और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी भवनों के ऊपर और आसपास के नो फ्लाइंग जोन में ड्रोन से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर पूरी तरह रोक रहेगी।

 

इसके अलावा शहर के अन्य स्थानों पर भी पुलिस आयुक्त या संयुक्त पुलिस आयुक्त की अनुमति के बिना ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी।

 

ईको गार्डन के अलावा प्रदर्शन पर रोक

 

पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि शासन द्वारा निर्धारित ईको गार्डन को छोड़कर लखनऊ में किसी अन्य स्थान पर बिना अनुमति धरना, प्रदर्शन या जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी।

 

पूर्व अनुमति के बिना सार्वजनिक स्थान पर पांच या उससे अधिक लोगों के समूह में एकत्र होने या जुलूस निकालने पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

संदिग्ध लोगों के प्रवेश पर भी नजर

 

पुलिस ने अभिसूचना के आधार पर ऐसे व्यक्तियों या समूहों के प्रवेश पर भी रोक लगाई है, जिनसे कानून-व्यवस्था, वीआईपी सुरक्षा या सरकारी परिसरों की सुरक्षा को खतरा होने की आशंका हो।

 

ऐसे लोगों को विधानभवन, लोकभवन और जनभवन के प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

 

सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर

 

विधानसभा सत्र के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भ्रामक सूचना, अफवाह, फर्जी खबर या भड़काऊ पोस्ट फैलाने वालों के खिलाफ तथ्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

हाई अलर्ट मोड पर पूरा सुरक्षा तंत्र

 

पुलिस कमिश्नरेट के मुताबिक विधानसभा सत्र को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। पूरे लखनऊ में सुरक्षा तंत्र को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है और विधानभवन के आसपास लगातार पुलिस निगरानी की जाएगी।

 

About The Author