Udhayanidhi Stalin Arrested: एक्ट्रेस तृषा पर विवादित टिप्पणी के आरोप में पूर्व डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन गिरफ्तार; चेन्नई आवास से पुलिस ने लिया हिरासत में!
Udhayanidhi Stalin Arrest News: तमिलनाडु के पूर्व उप मुख्यमंत्री और डीएमके (DMK) नेता उदयनिधि स्टालिन को पुलिस ने मंगलवार सुबह चेन्नई स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई तंजावुर में आयोजित एक जनसभा के दौरान अभिनेत्री तृषा कृष्णन से जुड़ी कथित ‘डबल मीनिंग’ (द्विअर्थी) टिप्पणी के मामले में की गई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उन्हें तंजावुर ले गई है।
तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) की शिकायत पर दर्ज हुई FIR
यह पूरा विवाद सोमवार को तंजावुर में कावेरी जल विवाद पर आयोजित एक भाषण के दौरान शुरू हुआ। भाषण के दौरान जब भीड़ ने बार-बार अभिनेत्री ‘तृषा’ के नाम के नारे लगाए, तो उदयनिधि ने कथित तौर पर एक टिप्पणी की।
इस घटना के बाद थलपति विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) की महिला शाखा ने तंजावुर ईस्ट पुलिस स्टेशन में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उदयनिधि की टिप्पणी से अभिनेत्री की गरिमा को ठेस पहुंची है और महिलाओं का अपमान हुआ है।
गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर तंजावुर पुलिस ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) और तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम की कई गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है:
धारा 196: विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना।
धारा 192: दंगा भड़काने का प्रयास।
धारा 352: शांति भंग करने के इरादे से अपमान करना।
धारा 79: महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना।
धारा 296(b): सार्वजनिक स्थान पर अश्लील शब्दों का प्रयोग।
धारा 61: आपराधिक साजिश (कंसपेरेंसी)।
धारा 351(2): आपराधिक धमकी।
धारा 4 (तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम 2002): महिलाओं का उत्पीड़न।
धारा 67 (IT एक्ट): आपत्तिजनक इलेक्ट्रॉनिक सामग्री का प्रसारण।
उदयनिधि बोले- ‘यह कॉमेडी है, कानूनी लड़ाई लड़ूंगा’
पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद उदयनिधि स्टालिन ने पत्रकारों से बात करते हुए इस पूरी कार्रवाई को ‘कॉमेडी’ करार दिया। उन्होंने किसी भी आपत्तिजनक टिप्पणी से साफ इनकार करते हुए कहा, “उन्होंने वीडियो को कट, कॉपी और पेस्ट करके झूठी खबर फैलाई है। मैंने ऐसा कुछ नहीं कहा जो वे दावा कर रहे हैं। मैं इन कार्रवाइयों से डरने वाला नहीं हूं और इसका कानूनी तौर पर सामना करूंगा।”
मद्रास हाईकोर्ट पहुंचे एमके स्टालिन, NCW में भी शिकायत
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की एक आपातकालीन बैठक बुलाई। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उदयनिधि की अग्रिम जमानत के लिए मद्रास हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया गया है।
दूसरी तरफ, टीवीके (TVK) ने इस मामले को राष्ट्रीय स्तर पर उठाते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) में शिकायत दर्ज कराई है और उदयनिधि से बिना शर्त सार्वजनिक माफी की मांग की है

