दिल्ली-एनसीआर में मूसलाधार बारिश से उड़ानों की रफ्तार थमी, एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी
Delhi News: मंगलवार को दिल्ली-NCR में हुई भारी बारिश से रोजमर्रा की जिंदगी और हवाई यात्रा पर असर पड़ा। भारी बारिश, जल-जमाव और कई इलाकों में धीमी रफ्तार ट्रैफ़िक को देखते हुए इंडिगो, आकासा एयर और दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइज़री जारी की है। एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक कर लें और यात्रा के लिए ज्यादा समय लेकर चलें।
आज दिल्ली में हुई भारी बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है। साथ ही,बारिश ने आम जन-जीवन को भी प्रभावित किया है। इस मूसलाधार बारिश का असर शहर में सड़क और हवाई यातायात दोनों पर पड़ा है। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हवाई यातायात प्रभावित हुआ है, जिससे आने-जाने वाली दोनों तरह की उड़ानें प्रभावित हुई हैं। इसे देखते हुए एयरलाइन कंपनियों ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
इंडिगो ने यात्रियों के लिए जारी की गाइड लाइन
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन, इंडिगो ने अपने यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में एयरलाइन ने कहा, “भारी बारिश की वजह से दिल्ली आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित हुई हैं। हम आपको सलाह देते हैं कि घर से निकलने से पहले हमारी वेबसाइट या ऐप पर अपनी उड़ान का मौजूदा स्टेटस जरूर देख लें।”साथ ही, यात्रा के लिए थोड़ा ज्यादा समय लेकर चलें, क्योंकि एयरपोर्ट के रास्ते में धीमे ट्रैफिक की वजह से सड़क से यात्रा करने में देरी हो सकती है। इस समय में हमारे साथ बने रहने और धैर्य रखने के लिए आपका धन्यवाद।”
मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट
लंबे इंतजार के बाद, राजधानी दिल्ली में बारिश की वजह से कई इलाकों में जलजमाव हो गया है। मौसम विभाग ने शहर के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है और लोगों से सावधानी बरतने को कहा है। दिल्ली के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हो रही है, जिनमें सदर बाजार, संसद भवन का इलाका और मंडी हाउस शामिल हैं। पड़ोसी शहरों नोएडा और गाज़ियाबाद में भी भारी बारिश हो रही है। गौरतलब है कि सुबह से ही दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में आसमान में बादल छाए हुए थे।
अगले कुछ घंटों के लिए भारी बारिश और बिजली गिरने का अनुमान
मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले कुछ घंटों में आसमान में बादल छाए रहने और भारी बारिश का अनुमान लगाया है। आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे बिना जरूरत के घर से बाहर न निकलें। (एजेंसी)

