Tue. Jun 16th, 2026

‘टूरा भोको लोलो’ फेम रैपर Appy Raja का निधन, नम आंखों से फैंस ने दी अंतिम विदाई

Rapper Appy Raja Death: छत्तीसगढ़ी रैप को नई पहचान दिलाने वाले मशहूर रैपर और सिंगर ‘एप्पी राजा’ (असली नाम चेतन चांडक) का निधन हो गया है। 32 साल के इस कलाकार का लंबे समय से गंभीर बीमारी का इलाज एम्स रायपुर में चल रहा था, जहां सोमवार को उन्होंने आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर से म्यूजिक इंडस्ट्री और उनके फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को उनके गृहनगर भानुप्रतापपुर में किया जाएगा।

लंबे समय से चल रहा था इलाज, बिगड़ गई थी तबीयत

जानकारी के मुताबिक, करीब छह महीने पहले एप्पी राजा की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इलाज के दौरान उन्हें कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि सर्जरी के बाद उनके ब्लड लेवल में गिरावट आई।हीमोग्लोबिन लगातार कम होने की वजह से उन्हें कमजोरी, चक्कर आना और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण महसूस हुए। उनका इलाज डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा था और उन्हें समय-समय पर ब्लड चढ़ाया जा रहा था।

संघर्षों के बीच बनाई संगीत में पहचान

बस्तर के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर के रहने वाले एप्पी राजा ने अपनी लगन और कड़ी मेहनत से छत्तीसगढ़ी रैप को एक नई पहचान दिलाई। कम उम्र से ही रैप लिखने और म्यूज़िक बनाने में जुटे एप्पी ने आर्थिक तंगी के बावजूद अपना सफ़र जारी रखा। परिवार के हालात की वजह से उन्हें कुछ समय के लिए गुजरात के सूरत में भी काम करना पड़ा, लेकिन संगीत के प्रति उनके जुनून नेआखिरकार उन्हें इस क्षेत्र में वापस ला ही दिया।

टूरा भोको लोलो’ से मिली थी पहचान

एप्पी राजा को अपने रैप सॉन्ग ‘टूरा भोको लोलो’ से बहुत ज़्यादा लोकप्रियता मिली। यह गाना सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हुआ और युवाओं ने इसे बहुत पसंद किया। इसके बाद, उन्होंने कई हिट छत्तीसगढ़ी रैप गाने रिलीज़ किए। उनके मशहूर गानों में ‘आ जा रे टूरी तोला रसगुल्ला ख्वाहु’, ‘छत्तीसगढ़ एंथम’ और ‘चो चो हस’ शामिल हैं। उन्होंने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और शहीद भगत सिंह जैसी महान हस्तियों के सम्मान में भी रैप गीत बनाए, जिन्हें लोगों ने खूब पसंद किया।

सोशल मीडिया पर भी थी बड़ी फैन फॉलोइंग

एप्पी राजा सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय थे। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 1. 98लाख फॉलोअर्स थे, जबकि लगभग 5.95 लाख लोग उनके यूट्यूब चैनल से जुड़े हुए थे। उनके गाने लाखों लोगों ने देखे और सुने हैं। उनके यूट्यूब चैनल पर अब तक 13करोड़ से ज़्यादा व्यूज़ आ चुके हैं। छत्तीसगढ़ी संगीत जगत ने एक प्रतिभाशाली कलाकार को खो दिया है। उनके प्रशंसक और साथी कलाकार सोशल मीडिया के ज़रिए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।(एजेंसी)

About The Author