स्वाइन फ्लू को लेकर नोएडा में बढ़ी चिंता, 14 मरीज मिले, अस्पतालों में बेड रिजर्व
Swine Flu Cases in Noida: गौतम बुद्ध नगर जिले में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बदलते मौसम के चलते, बुखार, खांसी, जुकाम और गले में खराश की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में लोग निजी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में जा रहे हैं। लक्षण दिखने पर डॉक्टरों की सलाह पर स्वाइन फ्लू की जांच भी कराई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में फिलहाल 14 स्वाइन फ्लू के मरीज पाए गए हैं। स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जिला अस्पताल और ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स अस्पताल में स्वाइन फ्लू के मरीजों के इलाज के लिए बेड आरक्षित कर दिए गए हैं।
सांस संबंधी मामले बढ़ रहे
स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पतालों में आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है ताकि जरूरत पड़ने पर संक्रमित मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। डॉक्टरों के अनुसार, मौसम में लगातार बदलाव के कारण वायरल संक्रमण और श्वसन संबंधी बीमारियों के मामले भी बढ़ रहे हैं।
भीड़भाड़ वाली जगहों से बचने की सलाह
स्वाइन फ्लू के शुरुआती लक्षण सामान्य वायरल बुखार और मौसमी संक्रमणों के समान हो सकते हैं। इसलिए, यदि आपको तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, नाक बहना, शरीर में दर्द और अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण महसूस हों तो लापरवाही न बरतने की सलाह दी जाती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि संक्रमण से बचाव के लिए भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतना, खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढकना व हाथों की नियमित सफाई करना जरूरी है। अधिकारियों की नजर संक्रमण की स्थिति और नए मामलों पर बनी हुई है। (एजेंसी)

