Mon. Aug 24th, 2026

पुलिस भर्ती को लेकर कवर्धा में घमासान : गृह मंत्री से बहस के बाद कार्यालय घेरा, 1600 पदों की मांग

पुलिस भर्ती

कवर्धा : छत्तीसगढ़ में पुलिस भर्ती की सेकंड लिस्ट जारी करने और 1600 रिक्त पदों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। कवर्धा में तीन दिनों से चल रहे आंदोलन के दौरान सोमवार को स्थिति उस वक्त गरमा गई, जब प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों की उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा से बातचीत के दौरान बहस हो गई। अभ्यर्थियों ने साफ कर दिया कि वे केवल आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं और जब तक उनकी मांगों पर सरकार की ओर से ठोस फैसला नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

गृह मंत्री से मुलाकात के दौरान गरमाया माहौल

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों से बातचीत करने के लिए गृह मंत्री विजय शर्मा मौके पर पहुंचे। इस दौरान अभ्यर्थियों ने पुलिस भर्ती की दूसरी सूची जारी करने और खाली पड़े 1600 पदों को भर्ती में शामिल करने की मांग रखी। बातचीत के दौरान मांगों को लेकर गृह मंत्री और अभ्यर्थियों के बीच तीखी बहस की स्थिति बन गई। गृह मंत्री ने अभ्यर्थियों को उनकी मांगों पर विचार और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए।

रात में गृह मंत्री के कार्यालय के बाहर जुटे अभ्यर्थी

दिन में हुई बातचीत के बाद भी अभ्यर्थियों का आंदोलन खत्म नहीं हुआ। रात में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी गृह मंत्री विजय शर्मा के कार्यालय के बाहर पहुंच गए। अभ्यर्थियों ने कार्यालय के मुख्य गेट के सामने बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के दौरान कुछ अभ्यर्थी सड़क पर लेटकर भी अपना विरोध जताते नजर आए। बाजे-गाजे के साथ देर रात तक प्रदर्शन चलता रहा। इस दौरान कार्यालय के आसपास बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की मौजूदगी रही।

READ MORE : कितनी बिजली खपत करता है घर में लगा Smart TV? जानिए कौन सा मॉडल बढ़ाता है सबसे ज्यादा बिजली बिल

CM से आमने-सामने बातचीत की मांग

आंदोलनकारी अभ्यर्थियों ने अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सीधे बातचीत की मांग उठाई है। उनका कहना है कि पुलिस भर्ती को लेकर उनकी मांगों पर सरकार को स्पष्ट और ठोस निर्णय लेना चाहिए। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक पुलिस भर्ती की सेकंड लिस्ट जारी करने और 1600 रिक्त पदों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने को लेकर फैसला नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन के बीच कार्यालय में फंसा गृह मंत्री का वाहन

प्रदर्शन के दौरान गृह मंत्री के कार्यालय के बाहर भीड़ बढ़ने से स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। बताया जा रहा है कि गृह मंत्री का वाहन और कुछ कार्यकर्ता कार्यालय परिसर के अंदर ही फंस गए। बाद में विजय शर्मा दूसरे वाहन से कार्यालय से रवाना हुए। वहीं पुलिस भर्ती के अभ्यर्थी देर रात तक कार्यालय के बाहर डटे रहे और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे।

सेकंड लिस्ट और 1600 पदों पर अटका मामला

अभ्यर्थियों का कहना है कि पुलिस भर्ती प्रक्रिया में रिक्त 1600 पदों को शामिल किया जाना चाहिए। इसके साथ ही वे भर्ती की Second List जल्द जारी करने की मांग कर रहे हैं। अब आंदोलनकारियों की नजर सरकार की अगली कार्रवाई पर है। मुख्यमंत्री स्तर पर अभ्यर्थियों से बातचीत होती है या नहीं और 1600 पदों को लेकर सरकार क्या निर्णय लेती है, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।

About The Author