Tue. Jun 2nd, 2026

NEET की तैयारी कर रही छात्रा ने की आत्महत्या, पटना के हॉस्टल में मिला शव

Bihar News : पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र सचिवालय कॉलोनी रोड नंबर 2 स्थित राधे कृष्ण हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही 17 वर्षीय छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। मृतका समस्तीपुर की रहने वाली थी और वर्ष 2024 से पटना में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटना के बाद हॉस्टल में रहने वाले छात्रों और परिजनों के बीच शोक का माहौल है।

रात में खाना खाने के बाद गई थी कमरे में

अभी जो जानकारी मिल रही है, उसके मुताबिक श्रुति कुमारी हॉस्टल में सोमवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। आज मंगलवार को सुबह जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो अन्य छात्राओं को शक हुआ। बार-बार आवाज लगाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो लड़कियों ने उसे धक्का देना शुरू कर दिया। दरवाजा खुलने के बाद अचानक से हर कोई हैरान रह गया। छात्रा अपने कमरे में फंदे से लटकी हुई थी।

10 दिन पहले ही पटना लौटी थी

जानकारी के मुताबिक छात्रा 10 दिन पहले ही समस्तीपुर स्थित अपने घर से पटना लौटी थी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस छात्रा के मोबाइल की भी जांच करने में लगी है। अभी इस मामले में और जानकारी सामने आना बाकी है। छात्रा के पर‍िजन भी पटना पहुंचने वाले हैं। (एजेंसी)

About The Author