कीड़े के काटने से बिगड़ी ‘स्पेशल 26’ फेम राजेश शर्मा की तबीयत, पैर में फैला इंफेक्शन
Rajesh Sharma hospitalised with serious: प्रभास की आगामी फिल्म की शूटिंग के दौरान अभिनेता राजेश शर्मा को किसी कीड़े या जहरीली मकड़ी के काटने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें कोलकाता के ढाकुरिया स्थित मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उनकी स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।
शूटिंग के बाद बिगड़ी तबीयत
राजेश शर्मा के परिवार की ओर से सोशल मीडिया पर जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में एक्टर सुदीपा चटर्जी ने बताया कि यह घटना हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में शूटिंग के दौरान घटी। पैक-अप के बाद, राजेश शर्मा घने पेड़ों वाले इलाके में स्थानीय लोगों से बातचीत कर रहे थे, तभी उन्हें किसी कीड़े या जहरीली मकड़ी के काटने का एहसास हुआ। शुरुआत में स्थिति गंभीर नहीं लगी, इसलिए उन्होंने तुरंत चिकित्सा सहायता नहीं ली और अपनी दिनचर्या जारी रखी। करीब 6 घंटे बाद उनके दाहिने पैर में तेज दर्द शुरू हुआ। इसके बावजूद वो कोलकाता लौटने वाली फ्लाइट में सवार हो गए। यात्रा के दौरान उन्हें तेज बुखार आ गया और उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। अगले दिन उन्हें ढाकुरिया स्थित मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां वो एक दिन से अधिक समय से डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
पैर में तेजी से फैला संक्रमण
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राजेश शर्मा को तेज बुखार और सांस लेने में तकलीफ हो रही है। संक्रमण उनके दाहिने पैर के अंगूठे से घुटने तक फैल गया है और प्रभावित हिस्से पर बड़े-बड़े छाले पड़ गए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत के बारे में अभी कोई निश्चित अनुमान लगाना जल्दबाजी होगी। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर नहीं है और मेडिकल टीम लगातार उनकी निगरानी कर रहा है।
डॉक्टरों को ब्लड क्लॉट का भी खतरे की आशंका
डॉक्टरों को आशंका है कि संक्रमण से खून का थक्का जम सकता है। अगर यह थक्का फेफड़ों तक पहुंच गया तो स्थिति गंभीर हो सकती है। इसलिए, उनकी लगातार निगरानी और इलाज चल रहा है। परिवार को उम्मीद है कि गुरुवार को डॉक्टरों द्वारा उनकी हालत के बारे में आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी।परिवार द्वारा जारी एक बयान में मीडिया, बंगाल मोशन पिक्चर्स आर्टिस्ट्स फोरम, राजेश शर्मा के मित्रों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया गया। अभिनेता प्रोसेनजीत चटर्जी को भी विशेष धन्यवाद दिया गया, जिन्होंने इस कठिन समय में परिवार को मार्गदर्शन और समर्थन देना जारी रखा।
किस फिल्म के सेट पर हुई घटना, अभी ये स्पष्ट नहीं है
प्रभास इन दिनों निर्देशक हनु राघवपुडी की फिल्म “फौजी” और संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म “स्पिरिट” की शूटिंग में व्यस्त हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह घटना इनमें से किस फिल्म के सेट पर घटी। राजेश शर्मा हाल ही में “भूत बंगला” और “कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट (हृदयम)” जैसी फिल्मों में नजर आए हैं। (एजेंसी)

