छत्तीसगढ़ के दो यूट्यूबर्स पर दूसरी FIR, वीडियो हटाने के बदले महिला से मांगे 2 लाख
Chhattisgarh Crime News: पुरानी भिलाई पुलिस ने छत्तीसगढ़ के दो यूट्यूबर, सागर साहू और पुष्पराज सिंह के खिलाफ एक और FIR दर्ज की है। इस बार, एक महिला की शिकायत पर ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि ये दोनों यूट्यूबर पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े कथित इंस्टाग्राम चैट मामले में जेल में बंद हैं।
पीड़ित महिला ने थाने में बताई पूरी बात
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस स्टेशन पहुंची महिला ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से ग्राम उमदा में ग्राहक सेवा केंद्र चलाती हैं। कुछ समय पहले, सागर साहू अपने साथी पुष्पराज सिंह के साथ आधार कार्ड की फोटोकॉपी करवाने के बहाने उसके ऑफिस आया था। इस दौरान उनके बीच लंबी बातचीत हुई। महिला ने आरोप लगाया कि दोनों ने बातचीत को तोड़-मरोड़कर वीडियो तैयार किया और उसे समाचार के रूप में वायरल करने की प्लानिंग की।
पहले मांगे 50 हजार रुपए
जब उन्हें पता चला कि वीडियो अपलोड कर दिया गया है, तो उन्होंने उसे हटाने के लिए कहा। इस पर 50,000 की मांग की गई। बताया जा रहा है कि यह घटना 3 जून को हुई थी। बदनामी के डर से उन्होंने 35,000 दे दिए। पैसे मिलने के बाद, दोनों आरोपियों ने बात मानी और वीडियो डिलीट कर दिए। हालांकि, बाद में उन्होंने 2 लाख और मांगे और धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो वे महिला को बदनाम करेंगे और नए वीडियो जारी कर देंगे।
2 लाख नहीं देने पर वायरल किया वीडियो
इसके बाद, सोशल मीडिया पर तीन से ज्यादा अलग-अलग वीडियो बनाए और वायरल कर दिए। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की। महिला ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में कोई और महिला ऐसी कथित साजिश का शिकार न बने। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद शुरुआती तौर पर मामला दर्ज किया है।
पुलिस बोली- जांच के बाद करेंगे आगे की कार्रवाई
शिकायत की जांच के बाद पुरानी भिलाई पुलिस ने शुरुआती मामला दर्ज किया है। सागर साहू और पुष्पराज सिंह के खिलाफ BNS की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच चल रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तथ्यों और सबूतों के आधार पर की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
9 दिन पहले भी मामला दर्ज हुआ था
इन दो YouTubers के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई पहली बार नहीं हुई है। लगभग नौ दिन पहले भी इनके खिलाफ एक केस दर्ज किया गया था। वह केस महादेव बेटिंग ऐप के कथित ऑपरेटर सौरभ चंद्राकर के कथित Instagram अकाउंट से जुड़े एक वायरल स्क्रीनशॉट की वजह से दर्ज हुआ था। सोशल मीडिया पर घूम रहे उस स्क्रीनशॉट में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का एक मैसेज दिख रहा था, जिसमें लिखा था- “नंबर भेजो अपना, बात करना चाहते हैं।” इसी स्क्रीनशॉट के आधार पर दोनों यूट्यूबर्स ने खबरें वायरल की थीं।
भूपेश बघेल ने बताया था फर्जी कंटेंट
वायरल चैट सामने आने के बाद, बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भिलाई-3 पुलिस स्टेशन पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस पर कड़ी आपत्ति जताई और वायरल चैट व उससे जुड़ी सामग्री को पूरी तरह फर्जी बताते हुए खारिज कर दिया।उन्होंने कहा था कि उनकी लीगल टीम फर्जी जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी। (एजेंसी)

