Wed. Oct 28th, 2026

बस्तर के 4 जिलों में स्कूल बंद करने का आदेश, तूफान अर्नब को देखते हुए प्रशासन अलर्ट

बस्तर न्यूज़: बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान का असर छत्तीसगढ़ पर भी पड़ने की संभावना है। छत्तीसगढ़ के सभी जिला कलेक्टरों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, मंगलवार शाम से बस्तर क्षेत्र में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। कोंडागांव जिला प्रशासन ने बुधवार को छुट्टी घोषित कर दी है।चक्रवाती तूफान और इसके प्रभाव से भारी बारिश की आशंका को देखते हुए कोंडागांव जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर कार्यालय के शिक्षा विभाग की ओर से 28 अक्टूबर 2026, बुधवार को जिले के सभी स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

कलेक्टर ने छुट्टी का जारी किया आदेश 

कलेक्टर ऑफिस ने मंगलवार शाम को अवकाश का आदेश जारी किया। इस आदेश में चक्रवाती तूफान का भी जिक्र है। मौसम विभाग के अनुसार तूफान का सबसे ज्यादा असर बस्तर इलाके में देखने को मिल सकता है। ।

सरकारी और निजी सभी स्कूल रहेंगे बंद

जारी आदेश के अनुसार, जिले के सरकारी, गैर-सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में 28 अक्टूबर को कक्षाएं बंद रहेंगी। इनमें प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल और उच्च माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि चक्रवाती मौसम के दौरान भारी बारिश और परिवहन व्यवस्था में व्यवधान के कारण छात्रों को कठिनाई हो सकती है। इसलिए, एहतियात के तौर पर विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि, यह आदेश शिक्षकों पर लागू नहीं होगा।

छत्तीसगढ़ के इन जिलों में छुट्टियां घोषित की गई हैं।

नारायणपुर, सुकमा, बस्तर,कोंडागांव जिले में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल बंद रहेंगे।

भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में तूफान के प्रभाव से भारी बारिश की आशंका है। रेड अलर्ट वाले क्षेत्रों में हवा की गति 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, और कुछ समय के लिए 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक के झोंके भी आ सकते हैं। रायपुर और दुर्ग समेत कई जिलों के लिए भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि दक्षिण के प्रभावित क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। 29 अक्टूबर को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, राजनांदगांव और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर सहित उत्तर-पश्चिमी जिलों में भी प्रभाव बढ़ सकता है। इस दिन मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में ज्यादा असर रहने की संभावना है। इसके बाद सिस्टम का प्रभाव धीरे-धीरे कम हो सकता है। (एजेंसी)

About The Author

इन्हें भी पढ़े