Thu. Sep 24th, 2026

रायपुर में रजिस्ट्री व्यवस्था का विस्तार, 14 जगहों पर मिलेगी जमीन-मकान रजिस्ट्री की सुविधा

Property Registration Service: राजधानी रायपुर में जमीन, मकान और भूखंड पंजीकृत कराने के इच्छुक लोगों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। सरकार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पांच नए उप-पंजीयक कार्यालय खोलने की तैयारी कर रही है। ये कार्यालय आधुनिक डिजिटल सुविधाओं से लैस होंगे। इनके खुलने के बाद रायपुर में कुल 14 स्थानों पर भूमि पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध होगी। राजधानी में 7 रजिस्ट्री कार्यालय हैं जिनपर भीड़ का दबाव काफी ज्यादा रहता है। ऐसे में रजिस्ट्री के लिए लोगों को काफी इंतजार करना पड़ जाता है। वहीं दो दफ्तर बेबीलॉन टॉवर और विधानसभा रोड स्थित श्रीराम बिजनेस पार्क में पहले ही खुल चुके हैं।

रायपुर में आधी से भी कम हुई रजिस्ट्री

विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहले रायपुर रजिस्ट्रार कार्यालय में प्रतिदिन 400 से अधिक भूमि पंजीकरण होते थे। मुख्य रजिस्ट्री कार्यालय में लोगों की भारी भीड़ के कारण हमेशा अफरा-तफरी मची रहती थी। इसे देखते हुए रजिस्ट्री कार्यालयों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। अब वहां औसतन 150 पंजीकरण होते हैं। नए पंजीकरण केंद्र मुख्य रूप से शहर के बाहरी इलाकों में खोले जाएंगे। इनके लिए भवन खोजने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। टाटीबंध-हीरापुर, अमलीडीह-अवंती विहार और बीरगांव-सिलतरा सहित बाहरी इलाकों में नए केंद्र बनाने की योजना है। इससे इन क्षेत्रों के निवासियों को अपने घरों के पास पंजीकरण सेवाओं की सुविधा मिलेगी।

दूर-दराज क्षेत्रों के लाखों लोगों को राहत

वर्तमान में, जिले के दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को अपनी संपत्ति का पंजीकरण कराने के लिए रायपुर और अन्य क्षेत्रों के कार्यालयों तक जाना पड़ता है। नए कार्यालय के खुलने से निवासियों को अपने आस-पास ही सुविधा मिलेगी।

रायपुर में 8 उपपंजीयक बैठेंगे

कलेक्टर कार्यालय परिसर में स्थित पांच मंजिला नए पंजीकरण भवन का उद्घाटन अगले कुछ महीनों में होने वाला है। विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, इस भवन में रजिस्ट्रार के साथ-साथ आठ उप-रजिस्ट्रार भी कार्यरत होंगे। अन्य प्रत्येक उप-रजिस्ट्रार कार्यालय में एक-एक उप-रजिस्ट्रार तैनात होगा। इस प्रकार शहरी क्षेत्र में कुल 15 उप-रजिस्ट्रार सेवाएं प्रदान करेंगे। (एजेंसी)

About The Author