Wed. May 13th, 2026

सावधान! टिकट होने पर भी स्टेडियम में नहीं मिलेगी एंट्री, अगर पास हुआ ये सामान, Raipur IPL Match 2026 Advisory जारी

Raipur IPL Match 2026: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आईपीएल 2026 का रोमांच चरम पर है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 10 मई (RCB vs MI) और 13 मई (RCB vs KKR) को होने वाले मुकाबलों के लिए क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह है। लेकिन, यदि आप स्टेडियम जाकर मैच देखने की योजना बना रहे हैं, तो पुलिस द्वारा जारी की गई नई एडवाइजरी को पढ़ना आपके लिए बेहद जरूरी है। नियमों की अनदेखी करने पर वैध टिकट होने के बावजूद आपको गेट से वापस लौटाया जा सकता है।

1500 जवानों का पहरा, 4 स्तरों में सुरक्षा

रायपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए पूरे स्टेडियम और आसपास के इलाके को 4 सेक्टरों में बांटा है। सुरक्षा व्यवस्था में 1500 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। पहली बार दर्शकों की सुविधा के लिए ‘सीट नंबर’ वाले टिकट जारी किए गए हैं, जिनकी हर गेट पर क्यूआर कोड स्कैनिंग की जाएगी।

जल्दी पहुँचने की अपील

पुलिस ने दर्शकों से अपील की है कि वे मैच शुरू होने से काफी पहले स्टेडियम पहुँच जाएं। चूंकि हर टिकट की डिजिटल स्कैनिंग होगी, जिसमें समय लग सकता है, इसलिए आखिरी वक्त की भीड़ से बचने के लिए समय पूर्व पहुँचना ही समझदारी होगी।

स्टेडियम में क्या-क्या है प्रतिबंधित? (14 पॉइंट की लिस्ट)

प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से कई सामान्य चीजों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी है। नीचे दी गई वस्तुओं को साथ न ले जाएं:

  • नशीले पदार्थ: शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटका, तंबाकू।
  • ज्वलनशील वस्तुएं: माचिस, लाइटर्स, परफ्यूम, स्प्रे (सांस के स्प्रे को छोड़कर), पटाखे।
  • खाने-पीने का सामान: बोतल, डिब्बे, टिफिन, कांच के कंटेनर, बाहरी खाद्य पदार्थ (बच्चों के भोजन को छोड़कर)।
  • बैग्स: हैंड बैग, सूटकेस, लेडीज बैग, कागज के पैकेट, लैपटॉप बैग या पीछे टांगने वाले पिट्ठू बैग।
  • नुकीली और खतरनाक वस्तुएं: चाकू, कैंची, ब्लेड, कटर, तलवार, या कोई भी धारदार वस्तु।
  • अन्य: छाता, लाठी, हॉकी स्टिक, झंडा, सिक्के (Coins), पेन/पेंसिल, लेजर लाइट, कैमरा, लाउड हॉर्न, रेडियो, गेंद और गुब्बारे।

आरसीबी के लिए ‘सेकेंड होम’ बना रायपुर

बता दें कि आईपीएल 2026 में रायपुर को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (RCB) का दूसरा होम ग्राउंड बनाया गया है। इंटरनेशनल क्रिकेट के सूखे के बाद छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए विराट कोहली, रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर जैसे दिग्गजों को अपनी आंखों के सामने खेलते देखना किसी सपने जैसा है।

About The Author