छत्तीसगढ़ में फिर तेज होगी बारिश, मौसम विभाग ने 16 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट किया जारी
CG Rain Alert: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राज्य के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। इसका सबसे ज्यादा असर बिलासपुर में देखा गया है, जहां 28 सेमी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने 16 जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
इन जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी तथा कांकेर जिले में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी), सूरजपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सक्ती, मुंगेली, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोंडागांव तथा नारायणपुर जिले में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
अगले 48 घंटे में भारी बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायपुर, गरियाबंद, धमतरी, दुर्ग और बेमेतरा ज़िलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही, राज्य के कई अन्य जिलों में भी भारी बारिश की उम्मीद है।
जानिए क्यों बदला मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राज्य में सक्रिय मानसूनी द्रोणिका अमृतसर, चंडीगढ़, शाहजहांपुर, बस्ती और पटना से होते हुए एक निम्न दबाव वाले केंद्र से गुजरकर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा, उत्तरी पाकिस्तान और उसके आस-पास के इलाकों में 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के मिले-जुले असर से छत्तीसगढ़ में बड़े पैमाने पर बारिश के हालात बने हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जल-जमाव हो सकता है, सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं, दृश्यता कमी हो सकती है और निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। ट्रैफिक में भी रुकावट आने की संभावना है। लोगों से अपील की जाती है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करें। (एजेंसी)

