अहमदाबाद पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 8 की मौत, 15 से ज्यादा घायल
वस्त्राल इलाके में आग के बाद लगातार धमाके, RAF और फायर ब्रिगेड ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
Ahmedabad Firecracker Factory Blast: गुजरात के अहमदाबाद के वस्त्राल इलाके में शनिवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाके के बाद आग लग गई। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। आग और लगातार हो रहे धमाकों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह हादसा रामोल से गतराड जाने वाले मार्ग पर महमूदपुरा टैलेंट के पास स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुआ। जानकारी के अनुसार फैक्ट्री मेहुल डोडिया नामक व्यक्ति की बताई जा रही है। शनिवार दोपहर अचानक फैक्ट्री में आग लगी, जिसके बाद जोरदार विस्फोट हुआ और कुछ ही देर में लगातार धमाकों की आवाजें आने लगीं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 25 कर्मचारी काम कर रहे थे। पटाखों के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
घटनास्थल के पास रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) का कैंप होने के कारण जवान धमाके की आवाज सुनते ही मौके पर पहुंच गए और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां भी पहुंचीं और आग पर काबू पाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही हादसे की असली वजह और जिम्मेदार लोगों की पहचान हो सकेगी।
महापौर हितेश बारोट ने बताया कि फैक्ट्री झोपड़ीनुमा ढांचे में संचालित हो रही थी, जिसके कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। प्रशासन को आशंका है कि मलबे में और लोग फंसे हो सकते हैं, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

