Thu. Jul 2nd, 2026

राम मंदिर चढ़ावा चोर लवकुश मिश्रा के घर पर बुलडोजर की तैयारी, अथॉरिटी ने भेजा पत्नी को नोटिस

लखनऊ: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में गिरफ्तार लवकुश मिश्रा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। राम मंदिर से 17 हजार रुपये की नौकरी करने वाले आरोपी लवकुश मिश्रा के निर्माणाधीन मकान के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई हो सकती है। अयोध्या विकास प्राधिकरण ने सोहावल तहसील में बन रहे मकान के संबंध में उनकी पत्नी को नोटिस भेजा है। नोटिस में कहा गया है कि निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने के कारण मकान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

लवकुश मिश्रा की पत्नी को नोटिस

लवकुश मिश्रा के परिवार को अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) के इस नोटिस का एक सप्ताह के भीतर जवाब देना होगा। लवकुश ने पिछले साल अक्टूबर में सोहावल में यह जमीन अपनी पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम पर खरीदी थी। यदि एक सप्ताह के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है, तो अयोध्या विकास प्राधिकरण कार्रवाई कर सकता है। चोरी के आरोपी द्वारा किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त भी किया जा सकता है। दरअसल अथॉरिटी के अधिकारी निर्माणाधीन मकान का निरीक्षण करने पहुंचे थे तो पता चला कि इमारत का काम तय नियमों के मुताबिक नहीं चल रहा है। शासन के नियमों की अनदेखी हो रही है। इसके बाद एक्शन लेते हुए उसकी पत्नी को प्रशासन ने नोटिस जारी कर दिया।

मकान बनाने में नियमों की अनदेखी

लवकुश की पत्नी से पूछा गया है कि क्या उन्होंने घर के लिए नक्शे की मंजूरी ली थी। यदि नक्शा तैयार हो चुका है, तो सभी दस्तावेज एक सप्ताह के भीतर अधिकारियों को जमा कर दिए जाने चाहिए। यदि दस्तावेज समय पर जमा नहीं किए जाते हैं, तो अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जा सकता है। जांच में पता चला कि लवकुश मिश्रा ने राम मंदिर में काम करने के दौरान यह जमीन खरीदी थी। रजिस्ट्री में जमीन का मूल्य 8.8 लाख रूपये दिखाई गई थी, जबकि वर्तमान में इसका वास्तविक मूल्य लगभग 25 लाख रूपये के आसपास है।

लवकुश की बढ़ी मुसीबत

गौरतलब है कि राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, रमाकांत मिश्रा, करुणेश पांडे, राम शंकर यादव उर्फ ​​टिन्नू और मनीष कुमार यादव समेत आठ लोग पुलिस हिरासत में हैं। एसआईटी इस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब लवकुश की संपत्ति भी जांच के दायरे में आ गई है। (एजेंसी)

About The Author

इन्हें भी पढ़े