मिडिल ईस्ट में बढ़ रहे तनाव के बीच सामने आया PM मोदी का बड़ा बयान, जानें क्या कहा
ईरान पर अमेरिका और इजरायल की ज्वाइंट कार्रवाई के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ गया है। ईरान भी अनेक जगहों पर हमले कर रहा है। इस बीच पीएम मोदी का बड़ा बयान सामने आया है।
नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में बढ़ रहे तनाव के बीच देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, “विश्व में चल रहे अनेक तनावों के लिए भारत की सोच स्पष्ट है। हमने हमेशा शांति बनाए रखने की ही बात कही है। पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति हमारे लिए गहरी चिंता का विषय है। बातचीत से ही समस्या का समाधान निकालना चाहिए। इस क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीयों की सुरक्षा के लिए हम सभी देशों के साथ मिलकर काम करते रहेंगे।”
पीएम मोदी ने आज कनाडा के पीएम से दिल्ली में मुलाकात की
पीएम मोदी ने सोमवार को प्रधानमंत्री मार्क जे कार्नी के नेतृत्व में कनाडा के साथ संबंधों में आई वृद्धि की सराहना की और कहा कि दोनों देशों का लक्ष्य 2030 तक 50 अरब अमेरिकी डॉलर के व्यापार को छूते हुए अपने आर्थिक सहयोग को और गहरा करना है। इस संदर्भ में उन्होंने आगे बताया कि ओटावा और नई दिल्ली ने निकट भविष्य में एक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को अंतिम रूप देने का निर्णय लिया है। उन्होंने ये बातें सोमवार को राजधानी में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति के दौरान कहीं।
पीएम मोदी ने कहा, “आज हमने इस विजन को अगले स्तर की साझेदारी में बदलने पर चर्चा की। हमारा लक्ष्य 2030 तक 50 अरब डॉलर का व्यापार हासिल करना है। आर्थिक सहयोग की पूरी क्षमता का दोहन करना हमारी प्राथमिकता है। इसलिए, हमने जल्द ही एक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को अंतिम रूप देने का निर्णय लिया है।”
पीएम मोदी ने कहा, “यह निर्णय दोनों देशों में नए निवेश और रोजगार के अवसर खोलेगा। कनाडा के पेंशन फंडों ने भारत में 100 अरब डॉलर का निवेश किया है। यह भारत की विकास गाथा में उनके गहरे विश्वास का प्रतीक है।”
उन्होंने कहा कि दिन में आगे चलकर नेता व्यापार जगत के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे, जिनके सुझाव दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग की रूपरेखा तैयार करने में सहायक होंगे।
बता दें कि कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी इस समय भारत में हैं और पीएम मोदी के मेहमान हैं। दोनों नेताओं ने तमाम मुद्दों पर बैठकर बात की है।

