PBKS vs RCB Highlights: धर्मशाला में RCB का ‘प्लेऑफ’ टिकट पक्का, पंजाब किंग्स को 23 रनों से रौंदकर अंतिम-4 में पहुंचने वाली बनी पहली टीम
आईपीएल 2026 के 61वें मुकाबले में रोमांच की सारी हदें पार हो गईं। धर्मशाला के खूबसूरत हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में पिछले सीजन की दोनों फाइनलिस्ट टीमों रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। नियमित कप्तान रजत पाटीदार की गैरमौजूदगी में जितेश शर्मा की कप्तानी में उतरी आरसीबी ने शानदार खेल दिखाते हुए पंजाब को 23 रनों से हरा दिया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही आरसीबी आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में क्वालीफाई करने वाली आधिकारिक तौर पर पहली टीम बन गई है।
कोहली और पडिक्कल ने संभाला, वेंकटेश ने मचाया गदर
पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो बाद में गलत साबित हुआ। आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और जैकब बेथेल (15) महज 21 रन के कुल स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने मिलकर मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 76 रनों की दमदार साझेदारी की। ‘किंग’ कोहली ने अपने आईपीएल करियर का 67वां अर्धशतक जड़ते हुए 37 गेंदों पर 58 रनों की आक्रामक पारी खेली, जबकि पडिक्कल 45 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद नंबर चार पर प्रमोट होकर आए वेंकटेश अय्यर ने पंजाब के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। शुरुआती 10 गेंदों पर समय लेने के बाद उन्होंने मैदान के हर कोने में शॉट्स लगाए। अय्यर ने महज 40 गेंदों पर 8 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 73 रन कूट डाले। आखिरी ओवरों में टिम डेविड ने भी अपनी ताकत दिखाई और 12 गेंदों में 28 रन बनाए, जिसकी बदौलत आरसीबी ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 222 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
भुवनेश्वर कुमार और रासिख सलाम का कहर
223 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स को आरसीबी के स्विंग सुल्तान भुवनेश्वर कुमार ने शुरुआती झटके दिए। प्रियांश आर्या (0) और प्रभसिमरन सिंह (2) को भुवी ने सस्ते में पवेलियन भेजकर पंजाब की कमर तोड़ दी। रही-सही कसर रासिख सलाम डार ने कप्तान श्रेयस अय्यर (1) को आउट करके पूरी कर दी। पंजाब ने महज 19 रन पर अपने 3 विकेट गंवा दिए थे।
इसके बाद सूर्यांश शेडगे (35) और कूपर कोनोली (37) ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन रोमारियो शेफर्ड ने कोनोली को आउट कर इस साझेदारी को भी तोड़ दिया।
स्टोइनिस-शशांक की लड़ाई रही अधूरी
जब पंजाब की टीम पूरी तरह बिखरती दिख रही थी, तब मार्कस स्टोइनिस और शशांक सिंह ने मिलकर गदर मचाना शुरू किया। दोनों ने महज 32 गेंदों पर 67 रनों की तूफानी साझेदारी की और मैच को रोमांचक मोड़ पर ला खड़ा किया। लेकिन 17वें ओवर में गेंदबाजी पर आए जोश हेजलवुड ने पहली ही गेंद पर स्टोइनिस (37) को आउट कर मैच आरसीबी की झोली में डाल दिया।
दूसरे छोर पर शशांक सिंह डटे रहे और उन्होंने 22 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। आखिरी दो ओवरों में पंजाब को 40 रनों की जरूरत थी। 19वें ओवर में हेजलवुड ने केवल 7 रन दिए, वहीं आखिरी ओवर में रासिख सलाम ने शशांक सिंह को 56 रन पर आउट कर पंजाब की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। पंजाब की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 199 रन ही बना सकी और उसे लगातार छठी हार का सामना करना पड़ा।
पंजाब की राह हुई बेहद मुश्किल
इस करारी हार के बाद पंजाब किंग्स के लिए प्लेऑफ की राह अब दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर हो गई है। टूर्नामेंट में बने रहने के लिए उन्हें अपना अगला मैच हर हाल में बड़े अंतर से जीतना होगा। वहीं दूसरी ओर, आरसीबी अपनी इस जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर शान से बरकरार है।

