ट्रेन नहीं, चलता-फिरता लग्जरी होटल! वंदे भारत स्लीपर देगी सुपरफास्ट सफर
Vande Bharat Sleeper: देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पटरी पर उतरने के लिए तैयार है। यह ट्रेन दो राज्यों की राजधानियों को जोड़ेगी, जिससे देश की औद्योगिक राजधानी मुंबई और कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बीच कम खर्च और कम समय में आरामदायक यात्रा हो सकेगी। मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का अभी आखिरी ट्रायल चल रहा है। 16 कोच वाली इस ट्रेन में 823 यात्री सफर कर सकेंगे और यह 180 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती है। यह मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और KSR बेंगलुरु रेलवे स्टेशन के बीच चलेगी। वंदे भारत स्लीपर मुंबई से बेंगलुरु के बीच करीब 1100 किमी दूरी तय करने में इसे 15 से 17 घंटे का वक्त लगेगा। रेलवे शेड्यूल के मुताबिक, यह ट्रेन मुंबई से शाम 6 बजे शुरू होकर रात 9 बजे तक पुणे और अगली सुबह करीब 8 बजे तक बेंगलुरु पहुंचेगी। इस ट्रेन में 11 AC थर्ड कोच हैं और उसकी 611 सीटें होगी। इसमें 4 AC सेकेंड क्लास कोच हैं और 188 सीटें होगी। ट्रेन में एक फर्स्ट AC कोच रखा गया है।

लग्जरी होटल जैसा आराम
एर्गोनोमिक बर्थ और कुशनिंग: आम ट्रेनों की तुलना में वंदे भारत स्लीपर की सीट में बेहतर कुशनिंग और एक्स्ट्रा साइड सपोर्ट। लंबी यात्रा में पीठ दर्द नहीं होगा।
प्राइवेसी और केबिन: फर्स्ट एसी डिब्बों में शानदार केबिन और कूपे दिए गए हैं, जो रात के सफर में पूरी प्राइवेसी और शांति मिलेगी।
अपर बर्थ एक्सेस: ऊपरी बर्थ पर चढ़ने के लिए सीढ़ियों के डिजाइन को बदला गया है, जिससे चढ़ना काफी आसान और सुरक्षित
सेंसर, इंटीरियर: कोच के बीच का गलियारा बड़ा, ऑटोमैटिक डोर, दुर्गंध मुक्त टॉयलेट और हर बर्थ पर रीडिंग लाइट दी गई।
कवच: ट्रेन कवच यानी टक्कर से बचाने के एंटी-कोलिजन सिस्टम और हर केबिन में इमरजेंसी कम्यूनिकेशन सिस्टम से लैस है।
वंदे भारत स्लीपर को सिक्योरिटी क्लीयरेस
भारत की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन इस रूट पर चलने वाली सबसे तेज ओवरनाइट ट्रेनों में से एक होगी। रेलवे अभी बेंगलुरु रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के लिए आखिरी सुरक्षा जांच और परफारमेंस ट्रायल कर रहा है। सभी जरूरी जांच पूरी होने के बाद, इसे हरी झंडी दिखाकर यात्रियों के लिए सेवा शुरू की जाएगी। दिल्ली-NCR इलाके में चलने वाली पॉपुलर नमो भारत ट्रेन की तरह ही, इस ट्रेन की रफ्तार भी 180 किमी प्रति घंटे तक होगी।

आरामदायक शोर रहित होगा रात का सफर
हाई-टेक सुविधाओं से लैस इस ट्रेन को चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) ने बनाया है। नई ट्रेन का लुक आकर्षक है और इसमें नारंगी और ग्रे रंग का इस्तेमाल किया गया है। रात भर के सफर में यात्रियों को झटके महसूस नहीं होंगे, जिससे वे आराम से सोकर अपनी मंजिल तक पहुंच सकेंगे। वंदे भारत स्लीपर कोच खास तौर पर लंबी दूरी के सफर के लिए डिजाइन किए गए हैं ताकि आरामदायक अनुभव मिल सके। इनमें शोर और कंपन को कम रखा गया है ताकि यात्री रात में अच्छी नींद ले सकें और अपनी मंजिल पर तरोताजा होकर पहुंचें।
पुणे, हुबली जैसे शहरों को फायदा
महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच स्थित पुणे, सतारा, बेलगाम, दावणगेरे, धारवाड़ और हुबली जैसे शहरों के यात्रियों को इस ट्रेन से काफी फायदा होगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मई में मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत ट्रेन सेवा की घोषणा की थी। सुरक्षा और तकनीकी ट्रायल अभी आखिरी चरण में हैं। लॉन्च की तारीख, किराए और रूट के बारे में पूरी जानकारी सुरक्षा ट्रायल के बाद जारी की जाएगी। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन जनवरी में हावड़ा और कामाख्या के बीच शुरू हुई थी। ये ट्रेन काफी लोकप्रिय हुई है और मुंबई-बेंगलुरू रूट पर भी यात्रियों को ऐसे ही नतीजों की उम्मीद है।
कवच सिस्टम और सीसीटीवी से लैस
वंदे भारत ट्रेनों में दुर्घटनाओं और दूसरी ट्रेनों से टक्कर को रोकने के लिए ‘कवच’ सिस्टम लगाया गया है। इनमें इमरजेंसी टॉक-बैक सुविधा भी होगी। साफ टॉयलेट के साथ-साथ, हर कोच में यात्रियों को जानकारी देने के लिए डिस्प्ले बोर्ड भी होंगे। (एजेंसी)

