मोबाइल सिग्नल Lift में क्यों कमजोर पड़ जाता है, असली कारण आया सामने
अक्सर आपने महसूस किया होगा कि जैसे ही आप किसी इमारत की लिफ्ट में प्रवेश करते हैं, मोबाइल नेटवर्क अचानक गायब हो जाता है या बेहद कमजोर पड़ जाता है। कॉल करना या इंटरनेट चलाना लगभग नामुमकिन हो जाता है। लेकिन इसके पीछे कोई रहस्य नहीं बल्कि एक वैज्ञानिक कारण है।
लिफ्ट में क्यों गायब हो जाता है नेटवर्क?
मोबाइल फोन इलेक्ट्रोमैग्नेटिक रेडियो वेव्स के जरिए नेटवर्क से जुड़ते हैं। लेकिन लिफ्ट की संरचना इन सिग्नलों को बाधित कर देती है। लिफ्ट शाफ्ट आमतौर पर ईंट, कंक्रीट और स्टेनलेस स्टील जैसी भारी सामग्री से बनी होती है, जो रेडियो वेव्स को या तो अवशोषित कर लेती हैं या परावर्तित कर देती हैं।
मजबूत दीवारें बनती हैं बाधा
लिफ्ट का कैबिन पूरी तरह मेटल से बना होता है, जिसकी कई परतें होती हैं। इसके अलावा दीवारों पर लगे कारपेट, टाइल्स या लैमिनेट भी सिग्नल को और कमजोर कर देते हैं। इसी वजह से मोबाइल नेटवर्क लिफ्ट के अंदर पहुंच ही नहीं पाता।
क्या नेटवर्क बूस्टर काम करता है?
नेटवर्क बूस्टर कुछ मामलों में मदद कर सकते हैं, लेकिन लिफ्ट के बंद और मेटल-घिरे वातावरण में इनकी प्रभावशीलता सीमित हो जाती है। अगर एक ही शाफ्ट में कई लिफ्ट हों या शाफ्ट इमारत के बाहरी हिस्से में हो, तो स्थिति थोड़ी बेहतर हो सकती है, लेकिन पूरी तरह समाधान नहीं होता।
नेटवर्क न आए तो क्या करें?
अगर लिफ्ट में मोबाइल नेटवर्क काम न करे तो घबराने की जरूरत नहीं है। लिफ्ट से बाहर निकलकर कॉल या इंटरनेट का इस्तेमाल करें। अगर किसी आपात स्थिति में लिफ्ट फंस जाए, तो इंटरकॉम सिस्टम या इमरजेंसी कॉल बटन का उपयोग करें।

