Mon. Jun 15th, 2026

NEET UG 2026 री-एग्जाम के एडमिट कार्ड जारी, 1 लाख से ज्यादा छात्रों ने किया डाउनलोड

21 जून को होगी पुनर्परीक्षा, तकनीकी दिक्कतों के बीच NTA ने जारी की नई एडवाइजरी

 

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के अनुसार, 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले री-एग्जाम के लिए अब तक एक लाख से अधिक अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं। हालांकि, कई छात्रों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के दौरान तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिसके बाद एनटीए ने नई एडवाइजरी जारी की है।

 

उम्मीदवारों का कहना है कि बैंक खाते से जुड़ी जानकारी के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाने के कारण एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में दिक्कत आ रही है। बड़ी संख्या में छात्र वेबसाइट पर पहुंच रहे हैं, जिससे सर्वर पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है।

 

NTA के अनुसार, NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा की कुल अवधि 3 घंटे 15 मिनट होगी। छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 15 मिनट अतिरिक्त समय देने का भी निर्णय लिया गया है।

 

तकनीकी समस्याओं को देखते हुए एनटीए ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे बैंक संबंधी आवश्यक जानकारियां पहले से तैयार रखें और धैर्य के साथ प्रक्रिया पूरी करें। समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

 

विशेषज्ञों का कहना है कि अभ्यर्थियों को जल्द से जल्द अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसमें दर्ज सभी जानकारियों की सावधानीपूर्वक जांच कर लेनी चाहिए। परीक्षा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारी और अपडेट आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर उपलब्ध हैं।

 

पुनर्परीक्षा की तैयारियों को लेकर केंद्र सरकार भी सक्रिय है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रों से चिंता न करने और अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की है। वहीं, कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन ने एनटीए के महानिदेशक के साथ बैठक कर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की है।

 

एनटीए के अनुसार, प्रश्नपत्रों को भारतीय वायुसेना के MI-17 हेलीकॉप्टरों के माध्यम से देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सके।

 

 

About The Author