Sat. Aug 22nd, 2026

रामगढ़ के इस्पात प्लांट में भीषण आग, कंट्रोल रूम में फंसे 3 इंजीनियरों की मौत

रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले में शुक्रवार देर रात ‘मां छिन्नमस्तिका स्टील प्लांट’ के कंट्रोल रूम में भीषण आग लग गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। खबरों के मुताबिक, यह आग पतरातू ब्लॉक के बरकाकाना आउटपोस्ट OP इलाके में हेहल में स्थित ‘मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड स्टील प्राइवेट लिमिटेड’ की स्पंज-आयरन फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात हुए जबरदस्त धमाके के बाद लगी। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। फैक्ट्री के पावर प्लांट पर जोरदार धमाके के बाद आग लग गई।

तीन इंजीनियरों की मौत

इस घटना में बुरी तरह झुलसे तीन इंजीनियरों की मौत हो गई। जबकि एक वर्कर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल वर्कर तरुण रजवार जो हजारीबाग का रहने वाला है को इलाज के लिए रांची रोड स्थित ‘द होप हॉस्पिटल’ में भर्ती कराया गया है। मरने वालों में फैक्ट्री के शिफ्ट इंचार्ज और रांची के रहने वाले संजीव कुमार केसरी (50), बोकारो के जागेश्वर विहार के विनीत महतो (25) और गढ़वा के अभिषेक पांडे (24) शामिल हैं।

अचानक ब्लास्ट होने से मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री के पावर प्लांट में प्रोडक्शन के काम के दौरान अचानक हुए धमाके और उसके बाद लगी आग से नाइट शिफ्ट में काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए कर्मचारी इधर-उधर भागने लगे।

5 दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू

आग लगने की खबर मिलने पर फैक्ट्री मैनेजमेंट और पुलिस देर रात मौके पर पहुंचे। रामगढ़ से बुलाई गई पांच दमकल गाड़ियों की मदद से आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया। घटना के बाद से ही सुबह से फैक्ट्री गेट पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई है।मृतक के आश्रितों के लिए मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर फैक्ट्री गेट को ब्लॉक करने की तैयारी चल रही है। इस बीच, फ़ैक्ट्री के पावर प्लांट यूनिट के इंचार्ज अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यह घटना मैनेजमेंट की लापरवाही के कारण ज्यादा गर्मी (ओवरहीटिंग) होने से हुई। तापमान को कंट्रोल में रखने के लिए वहां एयर कंडीशनिंग लगाने की बार-बार मांग की गई थी। (एजेंसी)

About The Author