Fri. Jun 5th, 2026

कर्नाटक से राज्यसभा नामांकन दाखिल, बोले खरगे- सर्वसम्मति से चुना गया

नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को कर्नाटक से राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। बंगलूरू स्थित विधान सौधा में उन्होंने विधानसभा सचिव एमके विशालाक्षी के समक्ष नामांकन पत्र जमा किया। खरगे वर्तमान में राज्यसभा में विपक्ष के नेता हैं और संसद के उच्च सदन में उनका कार्यकाल 25 जून को समाप्त हो रहा है।

खरगे क्या बोले?

नामांकन दाखिल करने के बाद खरगे ने कहा कि आज मैंने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। सभी विधायकों और मेरे नेताओं ने सर्वसम्मति से मुझे चुना है। चुनाव 18 जून को होने हैं और मुझे विश्वास है कि सभी एकजुट रहेंगे और कांग्रेस उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करेंगे।

कई दिग्गज कांग्रेस नेता रहे मौजूद

इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, केसी वेणुगोपाल और राज्य सरकार के कई मंत्री मौजूद रहे। खरगे वर्तमान में राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। उनका राज्यसभा कार्यकाल 25 जून को समाप्त हो रहा है, जिसके चलते उन्होंने पुनः उच्च सदन के लिए नामांकन दाखिल किया है

कांग्रेस से और कौन-कौन उम्मीदवार

कांग्रेस ने कर्नाटक से राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा और एआईसीसी सचिव मंसूर अली खान को भी उम्मीदवार बनाया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, दोनों नेता जल्द ही अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। मंसूर अली खान ने 2024 के लोकसभा चुनाव में बंगलूरू सेंट्रल सीट से चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली थी। कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपने वरिष्ठ नेताओं पर भरोसा जताते हुए उन्हें मैदान में उतारा है। (एजेंसी)

About The Author